पश्चिम चंपारण के मदनपुर माई स्थान और सोमेश्वर धाम को पर्यटन हब बनाने की पहल, सांसद सुनील कुमार ने पटना में की उच्चस्तरीय बैठक

 

_रमेश ठाकुर – बगहा पश्चिमी चंपारण, बिहार_वाल्मीकिनगर लोकसभा क्षेत्र के दो प्रमुख धार्मिक स्थलों—मदनपुर माई स्थान और सोमेश्वर धाम—को पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल शुरू हो गई है। क्षेत्रीय सांसद सुनील कुमार ने हाल ही में पटना में बिहार के पर्यटन एवं उद्योग मंत्री नीतीश मिश्रा और पर्यटन सचिव लोकेश कुमार सिंह से मुलाकात कर इन स्थलों के समुचित विकास को लेकर विस्तृत चर्चा की।

सांसद सुनील कुमार ने कहा कि मदनपुर माई स्थान श्रद्धालुओं की गहरी आस्था का केंद्र है, जहां प्रतिदिन सैकड़ों भक्तजन दर्शन के लिए पहुंचते हैं। प्रसाद योजना के तहत इस स्थल पर पर्यटक सुविधाओं के विकास के लिए जिला प्रशासन द्वारा प्रस्ताव तैयार कर पर्यटन विभाग को भेजा गया है, जिस पर मंत्री और सचिव के साथ व्यापक विमर्श हुआ।

सांसद ने बताया कि सोमेश्वर धाम न केवल धार्मिक बल्कि प्राकृतिक पर्यटन के लिए भी एक महत्वपूर्ण स्थल है। इसे विकसित करने के लिए केबल कार, रोपवे, पेयजल, धर्मशाला, सामुदायिक शौचालय जैसी सुविधाओं की आवश्यकता है। इन सुविधाओं के विकास से न केवल श्रद्धालुओं को सहूलियत मिलेगी बल्कि क्षेत्र में पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था सशक्त होगी।

पर्यटन सचिव लोकेश कुमार सिंह, जो पूर्व में पश्चिम चंपारण के जिला पदाधिकारी भी रह चुके हैं, इन स्थलों की भौगोलिक स्थितियों और उनकी संभावनाओं से भली-भांति परिचित हैं। सांसद को उम्मीद है कि उनके अनुभव और सहयोग से इन धार्मिक स्थलों को विकसित करने में महत्वपूर्ण प्रगति होगी।

सांसद सुनील कुमार ने कहा, “हमारी प्राथमिकता है कि इन पवित्र स्थलों को पर्यटन मानचित्र पर प्रमुख स्थान दिलाया जाए। इससे न केवल श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी, बल्कि स्थानीय रोजगार और व्यापार को भी बढ़ावा मिलेगा।”

इस पहल से वाल्मीकिनगर संसदीय क्षेत्र में पर्यटन को नई ऊंचाइयां मिलने की उम्मीद है और आने वाले दिनों में इन धार्मिक स्थलों पर सुविधाओं का विस्तार देखने को मिलेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button