बदमाशों ने स्कूल में बच्चों को बनाया बंधक
-एसओजी के दो जवानों को लगी गोली, मुठभेड़ जारी
भारत पोस्ट संवाददाता
फिरोजाबाद। फिरोजाबाद में शिकोहाबाद के नगला कन्हई क्षेत्र में पुलिस और बदमाशों के बीच हुई फायरिंग में एसओजी के दो जवान घायल हो गए। दोनों को इलाज के लिए शिकोहाबाद संयुक्त चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। एसओजी के एक जवान की हालत गंभीर है, जिन्हें उपचार के लिए आगरा रेफर किया गया है। वहीं पुलिस ने स्कूल के बाहर घेराबंदी कर रखी है। पुलिस के तमाम अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं।
बताया गया है कि इटावा से भागे हुए दो बदमाश सबसे पहले स्वामीनगर पहुंचे। यहां से श्रीराम रिसोर्ट के पास किसी ग्रामीण की बाइक उठाकर भागे। इसके बाद नगला कन्हई के स्कूल में घुस गए। बदमाशों ने स्कूल में बच्चे पकड़ लिए। इसके बाद जब एसओजी की टीम ने बदमाशों को पकड़ने का प्रयास किया तो बदमाशों ने एसओजी टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। फायरिंग में एसओजी के दो जवान घायल हो गए, जिन्हें तत्काल ही उपचार के लिए शिकोहाबाद अस्पताल भेजा गया। बदमाश अभी भी स्कूल में हैं। पुलिस ने स्कूल को घेरा हुआ है।
पुलिस के अनुसार 3 जुलाई को तीन बदमाशों ने मिलकर इटावा की फ्रेंड्स कॉलोनी में एक डॉक्टर के साथ लूटपाट की घटना को अंजाम दिया था, जिसमें सोग और इटावा पुलिस ने एक बदमाश को कुछ घटना के कुछ घंटे के बाद मौके पर पकड़ लिया था। दो बदमाशों की पुलिस तलाश कर रही थी।
शुक्रवार को पुलिस दो बदमाश सुमित और अंकित उर्फ सीपू का पीछा करते हुए शिकोहाबाद आ पहुंची। यहां पर एसओजी टीम ने दोनों बदमाशों को पकड़ने के लिए दबिश दी। इस दौरान बदमाश पुलिस से बचकर गांव नगला कन्हाई के प्राथमिक विद्यालय में जा घुसे। इस दौरान दोनों तरफ से फायरिंग शुरू हो गई।
बदमाशों ने बच्चों को अपनी ढाल बना लिया। बच्चों को बचाने के प्रयास में एसओजी के दो सिपाही डेविड चौहान और पुष्पेंद्र चौधरी को गोली लग गई। दोनों एसओजी के जवानों को तत्काल अस्पताल ले जाया गया। एसओजी जवान डेविड की हालत गंभीर है। उन्हें उपचार के लिए आगरा रेफर किया गया है।



