पुलिस ने तोड़ा अभिषेक के घर का ताला
-करीब 90 मिनट तक तलाशी कुछ भी नहीं मिला
-विपक्षी नेताओं को डराने की कोशिश: तृणमूल
विशेष संवाददाता
कोलकाता। तृणमूल कांग्रेस का आरोप है कि पुलिस टीम ताला तोड़कर अभिषेक बनर्जी के घर में इंटर कर गई। जैसे ही इस कार्रवाई की खबर मिली। ममता बनर्जी तुरंत उनके घर पहुंच गईं। पुलिस और केंद्रीय बलों की यह कार्रवाई चार घंटे से ज्यादा समय तक चली। सुबह कई अधिकारी घर के अंदर और बाहर आते.जाते नजर आए। कुछ अधिकारी बाहर खड़े होकर आपस में बातचीत भी करते दिखे।
घर से बाहर आने के बाद अभिषेक बनर्जी ने पत्रकारों से कहा कि पुलिस ने ताला तोड़कर उनके घर में प्रवेश किया और हर कमरे की तलाशी ली। उन्होंने आरोप लगाया कि पूरे घर की जांच की गई। हालांकि, पुलिस अधिकारियों ने अभी तक यह नहीं बताया है कि यह कार्रवाई किस मामले की जांच के तहत की गई।
तृणमूल की राज्यसभा सांसद सागरिका घोष ने एक्स पर लिखा कि शनिवार तड़के करीब 3 बजे पुलिस अभिषेक बनर्जी के कोलकाता स्थित घर पहुंची। सुबह 5 बजे ताले तोड़ने के लिए डिजास्टर मैनेजमेंट की टीम बुलाई गई और करीब 6.30 बजे घर की तलाशी शुरू हुई। पार्टी का दावा है कि करीब 90 मिनट तक तलाशी चली। लेकिन पुलिस को कुछ भी नहीं मिला। तृणमूल ने इसे राजनीतिक बदले की कार्रवाई बताते हुए कहा कि विपक्षी नेताओं को डराने और दबाव बनाने की कोशिश की जा रही है।




