सिलीगुड़ी में नौवीं की छात्रा ने की आत्महत्या , सुसाइड नोट बरामद
सिलीगुड़ी (पश्चिम बंगाल) : सिलीगुड़ी मेट्रोपॉलिटन पुलिस अंतर्गत माटीगाड़ा थाना क्षेत्र के कदमतला में 9वीं कक्षा की एक छात्रा ने आत्महत्या कर ली। मृत छात्रा का नाम शारला ठकचम (15) है, जो कदमतला बीएसएफ स्कूल की 9वीं कक्षा में पढ़ती थी । बताया जा रहा है कि उसकी माँ बीएसएफ में कार्यरत है।
शुक्रवार रात, कदमतला बीएसएफ कैंप के सामने एक आठ मंजिला इमारत की छत से कूदकर छात्रा ने आत्महत्या कर ली। उसने छत पर एक सुसाइड नोट छोड़ा था। नोट में लिखा था – “मेरी मौत के लिए कोई ज़िम्मेदार नहीं है। मैं पढ़ाई में अच्छी नहीं हूँ।” उसने नोट को घड़ी में दबा दिया और कूद गई।
घटना की खबर मिलते ही माटीगाड़ा थाने की मेडिकल कॉलेज चौकी की पुलिस तुरंत मौके पर पहुँची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए उत्तर बंगाल मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया।
पुलिस ने बताया कि छात्रा के हालिया परीक्षा परिणाम खराब थे। शुरुआती अनुमान है कि इसी वजह से उसने आत्महत्या का रास्ता चुना। पुलिस ने घटना की सीसीटीवी फुटेज पहले ही इकट्ठा कर ली है। शव का आज पोस्टमार्टम किया जाएगा।



