सिलीगुड़ी में वोटर लिस्ट में नाम कटने की आशंका से दहशत,
तृणमूल कांग्रेस ने एशियन हाईवे-2 पर किया चक्का जाम

अजित प्रसाद, सिलीगुड़ी ( पश्चिम बंगाल) : दाबग्राम-फूलबाड़ी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत फूलबाड़ी-1 ग्राम पंचायत के कामरांगागुड़ी इलाके में उस समय तनाव फैल गया, जब भारी संख्या में स्थानीय लोगों को SIR (Special Inquiry Report) की सुनवाई के लिए नोटिस मिला। इलाके के लगभग 50 प्रतिशत लोगों को नोटिस दिए जाने के बाद, नाम कटने की आशंका से लोग दहशत में हैं। इसके विरोध में आज तृणमूल कांग्रेस (TMC) ने सिलीगुड़ी के एशियन हाईवे-2 स्थित तिनबत्ती मोड़ पर जोरदार विरोध प्रदर्शन और पथ अवरोध किया।तृणमूल कांग्रेस का आरोप है कि जानबूझकर वैध मतदाताओं को परेशान करने के लिए भारी संख्या में लोगों को ‘हेयरिंग’ (सुनवाई) के लिए बुलाया गया है। पार्टी का दावा है कि यदि 19 तारीख को जारी होने वाली सूची में वैध मतदाताओं के नाम हटाए गए, तो यह आंदोलन और भी उग्र रूप लेगा।तृणमूल नेतृत्व ने स्पष्ट कहा:”अगर आम जनता के लोकतांत्रिक अधिकारों के साथ खिलवाड़ किया गया और लिस्ट से नाम गायब हुए, तो आज का यह सांकेतिक प्रदर्शन आने वाले दिनों में एक विशाल जन-आंदोलन में बदल जाएगा।”एशियन हाईवे-2 (तीनबत्ती मोड़) जैसे व्यस्त मार्ग पर चक्का जाम होने के कारण वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और आम यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सिलीगुड़ी मेट्रोपॉलिटन पुलिस की न्यू जलपाईगुड़ी (NJP) थाना की भारी पुलिस फोर्स मौके पर तैनात रही।

किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पुलिस ने आंदोलनकारियों से बातचीत की। करीब आधे घंटे तक चले इस विरोध प्रदर्शन के बाद, पुलिस के आश्वासन पर प्रदर्शनकारियों ने जाम हटाया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका।फिलहाल इलाके में शांति है, लेकिन 19 तारीख की नई वोटर लिस्ट को लेकर लोगों के बीच बेचैनी बनी हुई है। प्रशासन का कहना है कि यह एक सामान्य प्रक्रिया है, जबकि राजनीतिक दल इसे साजिश करार दे रहे हैं।

