सिलीगुड़ी बाइपास पर ट्रैफिक अव्यवस्था के विरोध में बंगीय हिंदू महामंच का घेराव आंदोलन
अजित प्रसाद /सिलीगुड़ी :सिलीगुड़ी बाइपास क्षेत्र में लंबे समय से जारी ट्रैफिक अव्यवस्था और हाल के लगातार दुर्घटनाओं के विरोध में बंगीय हिंदू महामंच (उत्तर बंग) ने सोमवार दोपहर व्यापक जनआंदोलन का आयोजन किया। दोपहर 12:45 बजे के आसपास संगठन के आह्वान पर सैकड़ों लोग एकटियाशाल स्कूल के सामने एकत्र हुए। समावेश के बाद प्रदर्शनकारियों ने आशिघर ट्रैफिक पोस्ट (बानेश्वर मोड़) की ओर मार्च निकाला और ट्रैफिक पोस्ट को घेराव कर जोरदार विरोध दर्ज कराया। संगठन ने बाइपास क्षेत्र में ट्रैफिक व्यवस्था में तत्काल सुधार, गति-नियंत्रण प्रणाली को मजबूत करने, अतिरिक्त निगरानी बढ़ाने और दुर्घटनाप्रवण मोड़ों पर सुरक्षा उपाय लागू करने की मांग की।
कार्यक्रम का नेतृत्व संगठन के उत्तर बंग अध्यक्ष विक्रमादित्य मंडल ने किया। उन्होंने कहा, सिलीगुड़ी
बाइपास हर दिन लोगों के जीवन को संकट में डाल रहा है। लगातार दुर्घटनाओं के बावजूद प्रशासन की पहल दिखाई नहीं देती। यह आंदोलन पूरी तरह जनहित में है, और हम चाहते हैं कि सरकार तुरंत प्रभावी कदम उठाए।”
इसके बाद एक प्रतिनिधि मंडल ने आशिघर ट्रैफिक पोस्ट के प्रभारी अधिकारी को एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने के साथ-साथ बाइपास क्षेत्र में सीसीटीवी लगाने, उचित साइन बोर्ड लगाने, स्पीड ब्रेकरों की मरम्मत और दुर्घटनाप्रवण स्थानों के पुनर्मूल्यांकन की मांग शामिल थी।
आंदोलन के कारण कुछ समय के लिए आशिघर मोड़ पर वाहन चालनों की गति धीमी हो गई, हालांकि पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण में रखा। पुलिस सूत्रों के अनुसार, कार्यक्रम शांतिपूर्वक संपन्न हुआ।

