पहसारा में श्रीकृष्णा पूजा समिति की बैठक आयोजित, तैयारी पूरी
शकील बेग
नावकोठी, बेगूसराय संवाददाता।
प्रखंड के श्रीकृष्णा पूजा समिति पहसारा में शनिवार को मेला समिति की बैठक आयोजित की गयी। इसकी अध्यक्षता मेला समिति के अध्यक्ष वचनदेव कुमार ने की। बैठक में विभिन्न कार्यक्रम एवं आयोजनों के साथ विधि-व्यवस्था को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। संपूर्ण मेला क्षेत्र की निगरानी सीसीटीवी कैमरे से किया जायेगा। अंतर्राजीय दंगल प्रतियोगिता का आयोजन होगा।इस दंगल प्रतियोगिता में बनारस, गोरखपुर, कैमूर, खगड़िया, रोहियार, एजनी परोरा एवं स्थानीय पहलवान भाग लेंगे। मेले में आकर्षण का केंद्र टावर झूला, ब्रेक डांस, नाव झूला, ड्रैगन, मिकी माउस एवं अन्य प्रकार के मनोरंजन एवं मीना बाजार लगाया जायेगा। भगवान श्रीकृष्ण का भव्य जन्मोत्सव के शाम के भजन सम्राट भारत भूषण का कार्यक्रम एवं भगवान जन्मोत्सव के बाद विदेशिया नाच की व्यवस्था रहेगी। 17 अगस्त को मेले का उद्घाटन के बाद कुश्ती प्रतियोगिता शुरू होगी। रात्रि में मथुरा वृंदावन के मशहूर रासलीला का आयोजन होगा। अंत में स्टार नाइट शो भी होगी। जिसमें स्टार गायिका नेहा सिंह यादव, स्टार गायक नीरज सिंह, चांदनी मिश्रा का भक्ति जागरण का आयोजन किया जायेगा। इस अवसर पर मेला कमेटी उपाध्यक्ष लक्ष्मी सहनी, सचिव मृत्युंजय कुमार, कोषाध्यक्ष गोविंद अलबेला, महासचिव मोहन पोद्दार, मनीष कुमार, महेश कुमार, चंदन कुमार, प्रमोद सिंह, अभिषेक, अंकित, रवि, विनोद सिंह, शुभम कुमार, सुनील कुमार, विकु कुमार, गोविंद झा एवं अन्य सदस्य शामिल थे।




