स्मार्ट पालिका की ओर बढ़ा बाराबंकी, विशेष सचिव ने दिए साफ-सफाई और विकास कार्यों में तेजी के निर्देश
*बलवान सिंह ब्यूरो चीफ बाराबंकी* बाराबंकी। प्रदेश सरकार द्वारा 58 जिला मुख्यालयों को स्मार्ट पालिका के रूप में विकसित करने की योजना के तहत गुरुवार को विशेष सचिव नगर विकास अरुण प्रकाश ने बाराबंकी का निरीक्षण किया। नगर पालिका परिषद पहुंचकर उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ बैठक की और चल रहे विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की।
विशेष सचिव ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और नगर विकास मंत्री के निर्देश पर वे बाराबंकी पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य है कि जिला मुख्यालयों को आधुनिक और सुविधाजनक बनाया जाए, जिससे आमजन को बेहतर नागरिक सेवाएं मिल सकें।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने जनप्रतिनिधियों से मुलाकात कर शहर की मौजूदा समस्याओं और ज़मीनी हालात की जानकारी ली। उन्होंने नगर निकाय अधिकारियों को निर्देशित किया कि शहर को साफ-सुथरा और आकर्षक बनाने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।
उन्होंने विशेष रूप से कचरा निस्तारण, जल निकासी, सड़क मरम्मत, स्ट्रीट लाइट, और सार्वजनिक शौचालयों की स्थिति में सुधार लाने की आवश्यकता जताई। इन कार्यों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए गए।
अरुण प्रकाश ने कहा कि स्मार्ट पालिका योजना के अंतर्गत नागरिकों को सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। प्रयास यह होना चाहिए कि बाराबंकी आने वाला हर व्यक्ति शहर की साफ-सफाई और बेहतर व्यवस्थाओं से प्रभावित हो।



