सहकारिता मंत्रालय के अपर सचिव श्री पंकज कुमार बंसल ने रखी आईपीएल के नए बिल्डिंग की नींव

 

 

Oplus_16908288

नई दिल्ली। सहकारिता मंत्रालय, भारत सरकार के अपर सचिव श्री पंकज कुमार बंसल, जो कि इंडियन पोटाश लिमिटेड (आईपीएल) के अध्यक्ष भी हैं, ने आईपीएल के नए कॉरपोरेट ऑफिस बिल्डिंग की आधारशिला रखी। इस अवसर पर आईपीएल के प्रबंध निदेशक डॉ. पी.एस. गहलौत सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। प्रस्तावित नया कार्यालय भवन सेंट्रल दिल्ली के राजेंद्र पार्क स्थित शंकर रोड पर ही निर्माण किया जाएगा।

यह बिल्डिंग अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस होगी। यह चार मंजिला (4 स्टोरी) भवन होगा, जिसमें स्टिल्ट और बेसमेंट भी शामिल होगा तथा यह 42,000 स्क्वायर फीट के प्लॉट पर विकसित किया जाएगा। निर्माण कार्य पूरा होने की समयसीमा नवंबर-दिसंबर 2027 निर्धारित की गई है। भवन को आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर, बेहतर स्पेस यूटिलाइजेशन और भविष्य की विस्तार आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए डिजाइन किया जाएगा।

बेहतर कनेक्टिविटी के लिए यह स्थान काफी महत्वपूर्ण है, क्योंकि यहां से मेट्रो की सुविधा बेहद नजदीक है, जिससे कर्मचारियों और आगंतुकों के लिए आवागमन सुगम होगा। बिल्डिंग में बड़ी संख्या में कर्मचारियों के लिए आधुनिक, डिजिटल और सुविधाजनक कार्यस्थल विकसित किए जाएंगे। यह नया कॉरपोरेट ऑफिस आईपीएल की बढ़ती गतिविधियों, संचालन दक्षता और समन्वय को और मजबूत करेगा।

गौरतलब है कि इंडियन पोटाश लिमिटेड देश की अग्रणी सहकारी कंपनियों में शामिल है, जो उर्वरकों और कृषि-इनपुट के आयात, वितरण और विपणन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। कंपनी किसानों तक आवश्यक उर्वरकों की आपूर्ति सुनिश्चित करने के साथ-साथ कृषि क्षेत्र की उत्पादकता बढ़ाने में भी अहम योगदान देती है।

समय के साथ आईपीएल ने कृषि-आधारित औद्योगिक क्षेत्रों में भी विविधीकरण किया है और सहकारी तंत्र को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। वर्तमान में कंपनी देशभर में 11 चीनी मिलों का संचालन करती है, जिनमें उत्तर प्रदेश में छह, गुजरात में तीन और ओडिशा में दो मिलें शामिल हैं। इसके अलावा, कंपनी की उपस्थिति विभिन्न राज्यों में मजबूत वितरण नेटवर्क के माध्यम से भी बनी हुई है, जो किसानों तक समय पर आपूर्ति सुनिश्चित करती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button