शहर में चला अतिक्रमण मुक्त व यातायात व्यवस्था में सुधार के लिए विशेष अभियान
यातायात नियमों का उल्लंघन करने व दस्तावेज अपूर्ण होने पर वसूले गए 1,83,500 रूपये
नन्दकिशोर दास
बेगूसराय ब्यूरो। जिला पदाधिकारी के निर्देश पर शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने तथा सुलभ यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए सोमवार को विशेष अभियान चलाया गया। नगर निगम बेगूसराय, परिवहन विभाग एवं यातायात पुलिस के संयुक्त सहयोग से शहर के विभिन्न चौराहों पर विशेष अभियान चलाया गया। अभियान में नगर आयुक्त नगर निगम बेगूसराय, जिला परिवहन पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी (सदर), पुलिस उपाधीक्षक (यातायात), मोटरयान निरीक्षक, थानाध्यक्ष (यातायात), प्रवर्तन अवर निरीक्षक तथा पुलिस अवर निरीक्षक (यातायात) शामिल थे। इस दौरान परिवहन विभाग एवं यातायात पुलिस के अधिकारियों के द्वारा अवैध रूप से सड़क किनारे वाहन खड़ा करने, यातायात नियमों का उल्लंघन करने तथा मोटर वाहन अधिनियम के तहत आवश्यक दस्तावेज अपूर्ण होने पर विभिन्न वाहनों पर लगभग 1,83,500 रूपये का शमन अधिरोपित किया गया। साथ ही नगर निगम के पदाधिकारियों द्वारा अवैध दुकानों, ठेला, फल मंडी आदि पर जुर्माना तथा ज़ब्ती की कार्रवाई की गई। यह विशेष अभियान काली स्थान, सुभाष चौक से लेकर बरौनी टाउनशिप गेट तक चलाया गया। नगर आयुक्त ने कहा कि शहर को अतिक्रमण मुक्त तथा यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के लिए विशेष अभियान निरंतर जारी रहेंगे।




