नदी में फिसलकर एसएसबी जवान की मौत, ड्यूटी के दौरान हुआ हादसा
जलपाईगुड़ी/पश्चिम बंगाल : शुक्रवार को जलपाईगुड़ी जिले के नागराकाटा थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसे में एसएसबी (सशस्त्र सीमा बल) के एक जवान की मौत हो गई। मृत जवान का नाम समरेश दास (50) बताया गया है, जो एसएसबी की 46वीं बटालियन के शिवचू कैंप में तैनात थे।
जानकारी के अनुसार, जब समरेश दास जलढाका नदी के किनारे पैदल गश्त कर रहे थे, तभी उनका पैर फिसल गया और वे सीधे नदी में गिर पड़े। देखते ही देखते वह तेज बहाव में बहकर दूर निकल गए।
घटना के बाद मौके पर मौजूद जवानों ने तत्काल उन्हें नदी से बाहर निकालकर माल सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस अधीक्षक खान्डबहाले उमेश गणपथ ने बताया कि यह हादसा गश्त के दौरान हुआ और मृत जवान कोचबिहार जिले के निवासी थे।
घटना से एसएसबी कैंप और मृतक के परिवार में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।



