7वीं लघु सिंचाई गणना को लेकर अनुमंडल स्तरीय प्रशिक्षण आयोजित
अशोक ठाकुर
तेघड़ा, बेगूसराय संवाददाता। गुरुवार को तेघड़ा प्रखंड के अटल कलाम भवन के सभागार में जिले में चलने वाली सातवीं लघु सिंचाई गणना को लेकर एक दिवसीय प्रशिक्षण का आयोजन किया गया। प्रशिक्षण का उद्घाटन तेघड़ा के अनुमंडल पदाधिकारी राकेश कुमार ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। यह प्रशिक्षण सातवीं लघु सिंचाई गणना संदर्भ 2023-24 द्वितीय जल निकाय गणना एवं फर्स्ट सेंसर ऑफ स्प्रिंग्स से संबंधित था। प्रशिक्षण में जिला सांख्यिकी पदाधिकारी बेगूसराय, अनुमंडल पदाधिकारी तेघड़ा राकेश कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी राकेश कुमार, तेघड़ा अंचलाधिकारी रविशंकर कुमार, प्रखंड सांख्यिकी पदाधिकारी अरविंद कुमार सिंह, बीएओ के साथ-साथ अनुमंडल के चारों प्रखंड से पर्यवेक्षक एवं प्रगणक उपस्थित थे। प्रशिक्षण के दौरान प्रशिक्षकों ने सातवीं लघु सिंचाई गणना, मध्यम एवं वृहद सिंचाई गणना, द्वितीय जल निकाय गणना एवं स्प्रिंग्स की पहली जनगणना को लेकर प्रशिक्षण दिया। जिला सांख्यिकी पदाधिकारी ने प्रशिक्षण में बताया कि कृषि प्रधान देश होने के नाते किस प्रकार कृषि उत्पादन एवं खाद्य सुरक्षा के लिए नीति निर्माण को जल प्रबंधन आवश्यक है। जल की सीमित उपलब्धता और मानसून के असमान वितरण के कारण उपलब्ध जल का सदुपयोग आवश्यक है। उन्होंने कहा कि इसके लिए जल स्रोतों की पहचान अर्थात डाटा बेस बनाया जाना जरूरी है, ताकि उसी अनुसार जल प्रबंधन करते हुए खाद्य सुरक्षा नीति बनाया जा सके।




