बंगाल में प्रतिकूर रहमान को लेकर मीडिया का अनावश्यक शोर: सुकांत मजूमदार
हावड़ा : पश्चिम बंगाल भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार ने आज हावड़ा के आमता विधानसभा क्षेत्र में एक जनसंपर्क कार्यक्रम के दौरान मीडिया पर तीखा कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि मीडिया प्रतिकूर रहमान को लेकर जरूरत से ज्यादा और बेवजह “हो-हल्ला” कर रहा है।रविवार सुबह आमता के बेताई में आयोजित एक कार्यक्रम में सुकांत मजूमदार ने न केवल जनसभा की, बल्कि एक भव्य बाइक रैली का नेतृत्व भी किया। सुकांत मजूमदार ने कहा कि सीपीएम छोड़कर तृणमूल कांग्रेस (TMC) में शामिल हुए नेता प्रतिकूर रहमान को लेकर मीडिया अकारण ही चर्चा पैदा कर रहा है। उनके अनुसार, यह मुद्दा इतना बड़ा नहीं है जितना इसे दिखाया जा रहा है।मजूमदार ने आमता के बेताई से एक विशाल बाइक रैली में हिस्सा लिया।
इस रैली के बाद उन्होंने पार्टी के नए क्षेत्रीय कार्यालय का विधिवत उद्घाटन किया।भाजपा सूत्रों के अनुसार, इस कार्यक्रम के दौरान लगभग 100 तृणमूल कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने टीएमसी का दामन छोड़ भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। मजूमदार ने सभी नए सदस्यों का भगवा गमछा पहनाकर स्वागत किया।”मीडिया को उन मुद्दों पर ध्यान देना चाहिए जो जनता से जुड़े हैं, न कि किसी एक नेता के दल-बदल को लेकर अनावश्यक शोर मचाना चाहिए। आज आमता की सड़कों पर उमड़ी भीड़ यह बताने के लिए काफी है कि जनता का विश्वास किस तरफ है,” सुकांत मजूमदार ने कार्यक्रम के दौरान कहा।रविवार की छुट्टी के बावजूद, बेताई से शुरू हुई इस बाइक रैली का स्वागत करने के लिए सड़कों के दोनों किनारों पर भारी संख्या में स्थानीय लोग खड़े नजर आए। लोगों के इस उत्साह को भाजपा आगामी चुनावों के लिए एक सकारात्मक संकेत के रूप में देख रही है।



