मिरिक झील में डूब रहे दोस्त को बचाने में दोस्त ने दी अपनी जान
दोस्त ने आत्महत्या के लिए लगाया था झील से छलांग
अजित प्रसाद / सिलीगुड़ी: दार्जिलिंग के मिरिक झील में एक युवक ने आत्महत्या करने के लिए पुल से पानी में छलांग लगा दी। उसे बचाने के लिए उसका दोस्त भी पानी में कूद गया। आत्महत्या करने के लिए कूदने वाला युवक तो बच गया, लेकिन उसे बचाने के लिए नीचे उतरा उसका दोस्त पानी में डूब गया। यह दुखद घटना मिरिक जिले में काली पूजा के दिन हुई। मृतक युवक का नाम साहिल राय (22) है। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, मिरिक बाजार निवासी सदीप दोर्जी ने सोमवार की रात आत्महत्या करने की कोशिश में झील में छलांग लगा दी। यह घटना देखकर मिरिक के थुरबो एलडी बहादुर गाँव निवासी साहिल राय ने बिना किसी हिचकिचाहट के अपने दोस्त को बचाने के लिए झील के पानी में छलांग लगा दी। सदीप को बाद में ज़िंदा बचा लिया गया और सिलीगुड़ी के एक अस्पताल ले जाया गया, जबकि साहिल पानी में लापता हो गया। काफी खोजबीन के बाद, कई घंटों की मशक्कत के बाद उसका शव बरामद किया गया और उसे मिरिक प्रखंड प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। इस घटना से यहाँ के लोग न केवल शोक में हैं, बल्कि सदमे में भी हैं। साहिल के दोस्त और पड़ोसी उसे एक विनम्र और दयालु युवक के रूप में जानते थे, जो हमेशा दूसरों की मदद के लिए तैयार रहता था। ऐसे युवा और होनहार जीवन के चले जाने से इलाके के सभी लोगों का दुःख और गहरा हो गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।



