बंगाल में ‘जंगलराज’: शुभेंदु अधिकारी पर हमले को लेकर सुकान्त मजूमदार का ममता सरकार पर बड़ा प्रहार

 

Oplus_16908288

अजित प्रसाद,बागडोगरा/सिलीगुड़ी :केंद्रीय मंत्री डॉ. सुकान्त मजूमदार ने विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी पर पुलिस की मौजूदगी में हुए हमले को लेकर पश्चिम बंगाल सरकार की कड़ी आलोचना की है। उन्होंने इस घटना को “लोकतंत्र की हत्या का प्रयास” करार देते हुए कहा कि ऐसी बर्बरता भाजपा कतई बर्दाश्त नहीं करेगी।
रविवार सुबह विभिन्न दलीय कार्यक्रमों में शामिल होने के लिए बागडोगरा हवाई अड्डे पहुँचे सुकान्त मजूमदार ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान राज्य की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्तारूढ़ दल (TMC) के शह पर ही विपक्षी नेताओं को निशाना बनाया जा रहा है। मजूमदार ने कहा, “पुलिस की मौजूदगी में हमला होना इस बात का प्रमाण है कि राज्य में कानून का शासन खत्म हो चुका है और पुलिस केवल मूकदर्शक बनकर सत्ताधारियों की मदद कर रही है।

“केंद्रीय मंत्री ने तीखे शब्दों में कहा कि बंगाल में लोकतांत्रिक माहौल को नष्ट कर “डर की राजनीति” स्थापित करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं और नेतृत्व पर हो रहे हमलों को दमनकारी नीति बताया। मजूमदार ने चेतावनी देते हुए कहा, “भाजपा इन हमलों से डरने वाली नहीं है। दमन की इन कोशिशों के खिलाफ हमारा आंदोलन और अधिक तीव्र होगा।”राज्य सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए उन्होंने स्पष्ट किया कि लोकतंत्र की रक्षा के लिए भाजपा अंतिम सांस तक सड़क पर उतरकर लड़ाई लड़ेगी। उन्होंने मांग की कि इस हमले के पीछे जिम्मेदार लोगों और कर्तव्य में लापरवाही बरतने वाले पुलिस अधिकारियों पर तुरंत कार्रवाई होनी चाहिए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button