राष्ट्रपति के अपमान के खिलाफ भाजपा विधायक शंकर घोष का विरोध प्रदर्शन
अजित प्रसाद,सिलीगुड़ी : सिलीगुड़ी में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के अपमान और प्रोटोकॉल उल्लंघन के मुद्दे ने राजनीतिक तूल पकड़ लिया है। इस घटना के विरोध में सिलीगुड़ी के विधायक शंकर घोष ने रविवार को शहर में एक विरोध प्रदर्शन कार्यक्रम आयोजित किया।
रविवार को सिलीगुड़ी स्थित गांधी मूर्ति के सामने इस विरोध कार्यक्रम का आयोजन किया गया। विधायक शंकर घोष की अगुवाई में भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने राज्य सरकार की भूमिका की कड़ी आलोचना की।
धरना प्रदर्शन के दौरान मीडिया से बात करते हुए शंकर घोष ने कहा कि देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद पर आसीन राष्ट्रपति के साथ ऐसा व्यवहार अत्यंत शर्मनाक है। उन्होंने कहा:
“राष्ट्रपति किसी दल के नहीं, पूरे देश के होते हैं। उत्तर बंगाल दौरे के दौरान उनके प्रति जो व्यवहार और लापरवाही बरती गई, वह किसी भी तरह से स्वीकार्य नहीं है। हम इस अपमान के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद करते रहेंगे।”
इस विरोध प्रदर्शन के जरिए भाजपा ने राज्य सरकार पर संवैधानिक मर्यादाओं को ताक पर रखने का आरोप लगाया है। सिलीगुड़ी में इस घटना को लेकर राजनीतिक माहौल काफी गर्माया हुआ है।


