चुनाव से पहले प्रशासन में बड़ा फेरबदल, चुनाव आयोग ने एक साथ 13 जिलों में डीएम-डीईओ को बदला
हरिशंकर पनिक्कर होगे दार्जिलिंग के जिलाधिकारी
अजित प्रसाद / सिलीगुड़ी: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों के कार्यक्रम को घोषित करने के बाद केंद्रीय चुनाव आयोग ने राज्य के टॉप ऑफिसर्स को बदला दिया था। इसमें चीफ सेक्रेटरी से लेकर डीजीपी और कुछ अन्य ऑफिसर्स शामिल थे। अब चुनाव आयाेग ने 13 जिलों में नए डीएम की नियुक्ति कर दी है। इतना ही नहीं चुनाव आयोग ने राज्य की पांच रेंज में नए डीआईजी की तैनाती की है। पश्चिम बंगाल में इस बार चुनाव आयोग ने दो चरण रखे हैं। 23 और 29 अप्रैल को वोट डाले जाएंगे। नतीजे 4 मई को घोषित किए जाएंगे।
इसी क्रम में बुधवार को आयोग ने राज्य के 13 जिलाधिकारियों का तबादला करते हुए उन्हें विभिन्न जिलों में जिलाधिकारी सह जिला निर्वाचन अधिकारी (डीएम/डीईओ) के रूप में नियुक्त किया है। कहा गया है कि विधानसभा चुनाव की तैयारियों की समीक्षा के बाद यह निर्णय लिया गया है। आयोग ने निर्देश दिया है कि सभी अधिकारी तत्काल प्रभाव से नई जिम्मेदारी संभालें और उनके पदभार ग्रहण करने की अनुपालन रिपोर्ट 19 मार्च को दोपहर तीन बजे तक भेजी जाए।
आदेश के अनुसार जितिन यादव को कूचबिहार, संदीप घोष को जलपाईगुड़ी, विवेक कुमार को उत्तर दिनाजपुर और रजनीर सिंह कपूर को मालदा का डीएम/डीईओ बनाया गया है।
इसी तरह आर. अर्जुन को मुर्शिदाबाद, श्रीकांत पाली को नदिया, स्वेता अग्रवाल को पूर्व बर्दवान तथा स्मिता पांडेय को कोलकाता उत्तर का नगर आयुक्त सह जिला निर्वाचन अधिकारी नियुक्त किया गया है।
इसके अलावा रणधीर कुमार को कोलकाता दक्षिण का जिला निर्वाचन अधिकारी, शिल्पा गौरिसारिया को उत्तर 24 परगना, अभिषेक कुमार तिवारी को दक्षिण 24 परगना, हरिशंकर पनिक्कर को दार्जिलिंग तथा टी. बालासुब्रमणियन को अलीपुरद्वार का डीएम-कम-डीईओ बनाया गया है।
निर्वाचन आयोग ने स्पष्ट किया है कि जिन अधिकारियों का तबादला किया गया है, उन्हें तत्काल नई जिम्मेदारी संभालनी होगी।
उल्लेखनीय है कि, चुनाव कार्यक्रम घोषित होने के बाद से आयोग राज्य में शीर्ष प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों में लगातार बदलाव कर रहा है। इससे पहले मुख्य सचिव, गृह सचिव, पुलिस महानिदेशक, कोलकाता पुलिस आयुक्त समेत कई वरिष्ठ अधिकारियों को भी बदला जा चुका है।




