मोदी सरकार ने अमेरिका के सामने किया सरेंडर: राहुल गांधी

-कृषि, विदेश और शिक्षा नीति पर उठाए सवाल

विशेष संवाददाता
अल्मोड़ा। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने केंद्र की मोदी सरकार पर तीखा हमला बोला है। सिमकनी में आयोजित पार्टी की जनसभा में खराब मौसम के कारण राहुल गांधी व्यक्तिगत रूप से तो नहीं पहुंच सके,उन्होंने दिल्ली से ही फोन के माध्यम से जनसभा को संबोधित किया। अपने संबोधन में राहुल गांधी ने देश की विदेश नीतिए कृषि और शिक्षा व्यवस्था को लेकर केंद्र सरकार को जमकर आड़े हाथों लिया। बृहस्पतिवार को आयोजित जनसभा में राहुल गांधी ने केंद्र सरकार की विदेश नीति पर गंभीर सवाल खड़े करते हुए आरोप लगाया कि नरेंद्र मोदी सरकार ने अमेरिका के सामने पूरी तरह सरेंडर कर दिया है। उन्होंने कहा कि आज हमारे देश की विदेश नीति को अमेरिका कंट्रोल कर रहा है।
अमेरिका भारत को दबाव में ले रहा है और वह तय कर रहा है कि भारत को किस देश से तेल खरीदना चाहिए और किससे नहीं। विदेश नीति के साथ.साथ कांग्रेस नेता ने सरकार की घरेलू नीतियों पर भी तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि केंद्र की वर्तमान नीतियों के कारण देश की शिक्षा व्यवस्था और कृषि क्षेत्र गहरे संकट में हैं। नीतियां आम जनता और किसानों के हित में न होकर कुछ चुनिंदा लोगों को फायदा पहुंचाने के लिए बनाई जा रही हैं। जीएसटी का जिक्र करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि गलत तरीके से लागू की गई इस टैक्स व्यवस्था के कारण देश के छोटे.छोटे कारोबार बंद हो गए। इसके चलते रोजगार खत्म हो गए और पूरा व्यापार कुछ बड़े उद्योगपतियों के हाथों में सिमट कर रह गया है।
संबोधन के अंत में राहुल गांधी ने अल्मोड़ा की जनता और कार्यकर्ताओं से वादा किया कि वे निराश न हों,वह बहुत जल्द दोबारा उनके बीच आएंगे। इसके बाद उन्होंने अपना भाषण समाप्त किया। कार्यक्रम के मंच पर मौजूद कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा ने खराब मौसम के कारण राहुल गांधी का दौरा रद्द होने की विधिवत घोषणा की और फोन के माध्यम से उनके जुड़ने की जानकारी दी। इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल,पूर्व सीएम हरीश रावत, विधायक सुमित हृदयेश, मनोज तिवारी,यशपाल आर्या,प्रीतम सिंह, भुवन कापड़ी,हरीश धामी आदि मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button