शाहपुर मुठभेड़ मामले में बड़ा मोड़, एसडीपीओ समेत कई पुलिसकर्मियों पर एफआईआर दर्ज
_रमेश ठाकुर – भोजपुर जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र में हुई चर्चित पुलिस मुठभेड़ मामले ने नया मोड़ ले लिया है। मृतक की मां द्वारा दिए गए आवेदन के आधार पर शाहपुर थाना कांड संख्या-178/26 दिनांक 22 जून 2026 को दर्ज किया गया है। दर्ज प्राथमिकी में जगदीशपुर के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ), तत्कालीन शाहपुर थानाध्यक्ष सहित अन्य पुलिसकर्मियों को नामजद किया गया है।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय, भोजपुर (आरा) की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया है कि मृतक पक्ष की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है तथा पूरे प्रकरण की जांच शुरू कर दी गई है। फिलहाल कांड अनुसंधान के अधीन है और सभी आरोपों की निष्पक्ष जांच की जा रही है।
गौरतलब है कि हाल के दिनों में शाहपुर थाना क्षेत्र में हुई पुलिस मुठभेड़ को लेकर कई तरह के सवाल उठ रहे थे। मृतक के परिजनों ने मुठभेड़ की परिस्थितियों पर संदेह जताते हुए न्यायिक जांच और संबंधित पुलिस अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। इसी क्रम में मृतक की मां ने लिखित आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज कराने की मांग की थी।
प्राथमिकी दर्ज होने के बाद यह मामला और अधिक संवेदनशील हो गया है। अब जांच एजेंसियों के सामने यह चुनौती होगी कि मुठभेड़ की वास्तविक परिस्थितियों का पता लगाया जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि यदि किसी स्तर पर नियमों का उल्लंघन हुआ है तो जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाए।
इस मामले पर जिले के राजनीतिक और सामाजिक हलकों की भी नजर बनी हुई है। वहीं पुलिस प्रशासन का कहना है कि जांच पूरी तरह निष्पक्ष एवं तथ्यों के आधार पर की जाएगी तथा जांच रिपोर्ट के अनुसार आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।




