कांग्रेस में बढ़ा असंतोष, समर्पित कार्यकर्ताओं का हुंकार—’अब नहीं चलेगी पदों की खरीद-फरोख्त’
* पटना में समर्पित कांग्रेसियों की बड़ी बैठक, 'दिल्ली चलो' आंदोलन का ऐलान; राहुल गांधी से मुलाकात और सदाकत आश्रम बचाने का लिया संकल्प
पटना। राजधानी के स्थानीय राधाकृष्ण उत्सव हॉल में मंगलवार को समर्पित कांग्रेसियों की बड़ी बैठक आयोजित हुई। बैठक में पूर्व विधायक अनिल सिन्हा, प्रतिमा दास, छत्रपति यादव समेत बिहार के विभिन्न जिलों से आए बड़ी संख्या में नेताओं और कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता युवा कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष नागेंद्र पासवान ‘विकल’ ने की।
बैठक में एआईसीसी सदस्य आनंद माधव, पूर्व बिहार युवा कांग्रेस अध्यक्ष राजकुमार राजन, पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष जमाल अहमद भल्लू सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने संगठन की वर्तमान कार्यप्रणाली पर खुलकर सवाल उठाए। नेताओं का कहना था कि पार्टी में समर्पित कार्यकर्ताओं की लगातार उपेक्षा हो रही है और संगठन में पदों के वितरण को लेकर कार्यकर्ताओं में भारी नाराजगी है।
बैठक के दौरान नेताओं ने दो टूक कहा कि “पहले टिकट बिके, फिर पद बिके, अब सदाकत आश्रम की बारी है, लेकिन इसे किसी भी कीमत पर नहीं होने दिया जाएगा।” वक्ताओं ने संगठन में पारदर्शिता और जमीनी कार्यकर्ताओं को सम्मान देने की मांग की।
बैठक में लिए गए बड़े फैसले
हर जिले में समर्पित कांग्रेसियों का संवाद कार्यक्रम आयोजित होगा।
‘दिल्ली चलो’ अभियान के तहत दो हजार से अधिक बिहारी कांग्रेसी कांग्रेस मुख्यालय, इंदिरा भवन के समक्ष प्रदर्शन करेंगे। राहुल गांधी से समय लेकर संगठन की वास्तविक स्थिति से उन्हें अवगत कराया जाएगा।
सदाकत आश्रम की सुरक्षा और संरक्षण के लिए नियमित कार्यक्रम चलाए जाएंगे। दिल्ली और बिहार में प्रस्तावित आंदोलनों के संचालन के लिए जल्द ही एक समन्वय समिति गठित की जाएगी।
बैठक में अजय प्रताप सिंह, नरेश अकेला, अनिल सिंह, राजेंद्र चौधरी, विधु शेखर पांडेय, सुमित कुमार सन्नी, उदय यादव, उर्मिला सिन्हा नीलू, फिरोज़ हसन, रोहित पासवान, जैनुल अहमद, दीपक सिंह सहित कई वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। नेताओं ने कहा कि पार्टी को मजबूत बनाने के लिए समर्पित कार्यकर्ताओं की आवाज को शीर्ष नेतृत्व तक पहुंचाना अब उनकी प्राथमिकता होगी।



