नशे के रूप में औषधियों के दुरुपयोग को रोकने हेतु विशेष अभियान !
सभी चिकित्सा संस्थानों, लैब और दवा दुकानों की बनेगी ऑनलाइन आईडी, बढ़ेगी निगरानी !
भारत पोस्ट ब्यूरो कोटपूतली–नशे के रूप में औषधियों के दुरुपयोग को रोकने के लिए 11 नवंबर 2024 तक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत जिले में सहायक औषधि नियंत्रक के नेतृत्व में औषधि नियंत्रण अधिकारियों द्वारा उन संस्थानों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी जो नशे के रूप में औषधियों का अवैध क्रय-विक्रय और भंडारण कर रहे हैं। अभियान के अंतर्गत औषधियों के क्रय-विक्रय बिलों की जांच की जाएगी और गुणवत्ता परीक्षण के लिए नमूने भी लिए जाएंगे।
सीएमएचओ डॉ. आशीष सिंह शेखावत ने बताया कि इस अभियान के तहत सभी सरकारी और निजी चिकित्सा संस्थानों, दवाइयों की दुकानों और निजी लैब्स को ऑनलाइन हेल्थकेयर प्रोफेशनल्स रजिस्ट्री (एचपीआर) आईडी से जोड़ा जा रहा है। यह आईडी आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के तहत बनाई जाएगी जिससे इनकी मॉनिटरिंग करना आसान होगा। इस आईडी को बनवाना सभी चिकित्सा संस्थानों, दुकानों और लैब्स के लिए अनिवार्य किया गया है।
जिला नोडल अधिकारी रविकांत जांगिड़ ने बताया कि सभी चिकित्सा संस्थानों को इस पोर्टल पर अपना पंजीकरण करवाना होगा जिसके बाद सीएमएचओ कार्यालय की मंजूरी से उनकी आईडी जनरेट की जाएगी। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य औषधियों के नशे आदि के रूप में अवैध उपयोग पर रोक लगाना है।



