अनीमिया मुक्त राजस्थान की ओर मजबूत कदम : शक्ति दिवस पर 10 हजार से अधिक लाभार्थी लाभान्वित !
मरीजों की सेवा ही सर्वोपरि, हीटवेव व मौसमी बीमारियों को लेकर न बरतें लापरवाही---बीसीएमओ
कोटपूतली-बहरोड़-
स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने व अनीमिया उन्मूलन के उद्देश्य से जिलेभर के चिकित्सा संस्थानों में अनीमिया मुक्त राजस्थान ‘शक्ति दिवस’ का आयोजन किया गया। खण्ड मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. पूरणचंद गुर्जर के नेतृत्व में चलाए गए इस विशेष अभियान के दौरान कुल 10,031 लाभार्थियों की स्क्रीनिंग कर उन्हें उपचार, हीमोग्लोबिन जांच एवं आयरन सप्लीमेंट्स वितरित किए गए। बीसीएमओ ने प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र भालोजी, शहरी पीएचसी नागाजी की गौर, समेत कई स्वास्थ्य केंद्रों का निरीक्षण कर चिकित्सा सेवाओं व मौसमी बीमारियों से निपटने की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने तीन माह के दवाओं के स्टॉक, नियर एक्सपायरी दवाओं के निस्तारण व स्वास्थ्यकर्मियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
डॉ. गुर्जर ने कहा कि हीटवेव और लू से बचाव के लिए आमजन को सजग रहना होगा। उन्होंने मरीजों व परिजनों को जरूरी सलाह देते हुए कहा कि धूप में निकलने से बचें, हल्के कपड़े पहनें, अधिक पानी पिएं, बासी भोजन व चाय-कॉफी जैसे पेय से परहेज रखें।
निरीक्षण के दौरान मरीजों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं जानी गईं तथा अस्पतालों में पंखे, एयर कूलर, पानी और बैठने की व्यवस्था की समीक्षा की गई। वहीं खण्ड कार्यक्रम प्रबंधक विजय तिवारी ने मोहनपुरा, फतेहपुरा, पूतली, मोलाहेड़ा सहित अन्य उप स्वास्थ्य केन्द्रों का निरीक्षण कर पेयजल कनेक्शन व शक्ति दिवस की प्रगति की समीक्षा की।



