खरीफ उत्पादकता गोष्ठी एवं किसान मेला सम्पन्न, प्रगतिशील किसानों को किया गया सम्मानित

 

बलवान सिंह ब्यूरो चीफ बाराबंकी* बाराबंकी, प्रातः11:00 बजे पल्हरी प्रक्षेत्र प्रांगण में जिलाधिकारी बाराबंकी की अध्यक्षता में जनपदस्तरीय खरीफ उत्पादकता गोष्ठी एवं “सब मिशन ऑन एग्रीकल्चर एक्सटेंशन एंड टेक्नोलॉजी (आत्मा)” योजनान्तर्गत किसान मेला एवं कृषक गोष्ठी का भव्य आयोजन किया गया।

इस अवसर पर उप कृषि निदेशक श्रवण कुमार, जिला कृषि अधिकारी राजित राम, जिला कृषि रक्षा अधिकारी विजय कुमार, भूमि संरक्षण अधिकारी डॉ० विनोद कुमार यादव, अधिशासी अभियंता सिंचाई राजीव तिवारी, मत्स्य वैज्ञानिक डॉ० अर्चित शुक्ला, पद्मश्री राम सरन वर्मा, मोइनुद्दीन, विक्रांत सैनी, के.के. यादव (गुड्डू) सहित कृषि एवं सम्बद्ध विभागों के वरिष्ठ अधिकारी तथा जनपद के विभिन्न विकास खंडों से आए प्रगतिशील किसान बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। गोष्ठी का सफल संचालन कृषि विशेषज्ञ अशोक कुमार मिश्र द्वारा किया गया।

गोष्ठी में उप कृषि निदेशक श्रवण कुमार ने खरीफ सीजन में संचालित कृषि योजनाओं की जानकारी दी तथा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना की भी विस्तार से जानकारी प्रदान की। जिला कृषि अधिकारी श्री राजित राम ने कृषि निवेशों की उपलब्धता पर प्रकाश डाला, वहीं जिला कृषि रक्षा अधिकारी विजय कुमार ने कीट नियंत्रण व आईपीएम प्रबंधन की जानकारी साझा की।

डॉ. विनोद कुमार यादव ने पराली प्रबंधन एवं जैविक खाद निर्माण की जानकारी दी। पद्मश्री राम सरन वर्मा ने धान की सीधी बुवाई, जैविक खाद तथा गौ आधारित खेती के लाभों पर प्रकाश डाला। आनंद मौर्य ने प्राकृतिक खेती और रामू मौर्य ने मिलेट्स की खेती से आयवृद्धि के अनुभव साझा किए। अधिशासी अभियंता सिंचाई राजीव तिवारी ने नहरों के संचालन एवं सफाई पर किसानों को अवगत कराया।

जिलाधिकारी महोदय ने अपने संबोधन में कहा कि किसान, अन्य किसानों की प्रगतिशील खेती से प्रेरणा लेकर आधुनिक तकनीकों को व्यवहार में लाने के लिए उत्सुक रहता है। बाराबंकी के कई प्रगतिशील किसान अन्य किसानों के लिए प्रेरणास्त्रोत हैं और उनसे सीखकर कृषि विविधीकरण व आयवृद्धि संभव है। उन्होंने किसानों को सुझाव दिया कि कृषि संबंधी समस्याओं को संबंधित अधिकारियों तक शीघ्र पहुंचाएं ताकि त्वरित समाधान सुनिश्चित हो सके।

इस अवसर पर दैनिक जागरण द्वारा आयोजित “किसान महोत्सव” में जनपद के प्रगतिशील किसानों – पद्मश्री राम सरन वर्मा, मोइनुद्दीन, विक्रांत सैनी, के.के. यादव (गुड्डू), निमित सिंह, दिनेश वर्मा, गया प्रसाद मौर्य, रामेश्वर प्रसाद, जयगोपाल, आदिल हसन एवं आनंद मौर्य को प्रशस्ति पत्र व प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के अंत में विभिन्न विद्यालयों के बच्चों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। उप कृषि निदेशक श्रवण कुमार ने सभी अतिथियों, अधिकारियों एवं किसानों का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए गोष्ठी एवं किसान मेले का समापन किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button