बरसात के दिनों में सब्जियों की देखभाल जरूरी है :  डा. सीबी सिंह

बरसात के मौसम में सब्जियों के खेतों व क्यारियों में पानी इकट्ठा न होने दें

 

अश्विनी वालिया
कुरुक्षेत्र, 3 जुलाई : बरसातों का सीजन चल रहा है तो बरसाती पानी के जमाव से सब्जियों की फसलों को नुकसान की आशंका अधिक रहती है। बरसात के दिनों में सब्जियों तथा अन्य फसलों के बचाव के लिए कृषि विशेषज्ञ, वैज्ञानिक एवं कृषि अधिकारी निरंतर किसानों व सब्जी उत्पादकों को सावधान कर रहे हैं। कृषि वैज्ञानिक डा. सीबी सिंह ने कहा कि बरसात के मौसम में सब्जियों के खेतों व क्यारियों में पानी इकट्ठा होने से बचने के लिए, उचित जल निकासी की व्यवस्था करनी चाहिए। ऐसे मौसम में पौधों को अधिक पानी देने से बचना भी महत्वपूर्ण है। डा. सिंह के अनुसार बरसात में पानी का जमाव कम होने से सब्जियों में सड़न कम, फफूंद और कीड़ों का प्रकोप भी कम होगा। उन्होंने सब्जियों में पानी इकट्ठा होने से बचने के उपाय बताते हुए कहा कि सब्जी उत्पादक सुनिश्चित करें कि उनके खेत व बगीचे की क्यारियों में पानी जमा न हो। इसके लिए मेड़ बना सकते हैं। क्यारियां ऊंची कर सकते हैं तथा जहां पानी के जमाव की आशंका हो वहां जल निकासी की उचित व्यवस्था कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि मौसम की जानकारी रख कर ही पानी दें लेकिन सब्जियों को आवश्यकता से अधिक पानी न दें। मिट्टी में नमी रखें, लेकिन पानी खड़ा न करें। डा. सिंह ने कहा कि पौधों के बीच उचित दूरी रखनी चाहिए। पौधों को पर्याप्त जगह दें ताकि हवा का संचार हो सके और पत्तों पर पानी जल्दी सूख जाए। उन्होंने कहा कि रोगग्रस्त पत्तियां पौधों में नजर आए तो उन्हें हटाएं। सड़ी हुई या बीमार पत्तियों को हटा दें ताकि बीमारी फैलने से रोका जा सके। आवश्यकतानुसार ही कीटनाशकों और कवकनाशकों का उपयोग करें।

फोटो परिचय : कृषि वैज्ञानिक डा. सीबी सिंह।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button