मालदा के मेला में पापड़ विक्रेता पर जानलेवा हमला, गर्म तेल डालकर झुलसाया, आरोपी गिरफ्तार
भारत पोस्ट संवाददाता, मालदा, पश्चिम बंगाल : पुरातन मालदा नगरपालिका के 7 नंबर वार्ड स्थित जमतला इलाके में चल रहे मनसा गीत मेले के दौरान शुक्रवार रात एक पापड़ विक्रेता पर जानलेवा हमला हुआ। स्थानीय निवासी सुधीर दास, जो नेताजी पल्ली के निवासी हैं, मेले में प्रतिदिन की तरह पापड़ बेच रहे थे, तभी यह चौंकाने वाली घटना घटी।
पुलिस और स्थानीय सूत्रों के अनुसार, खगन मंडल नामक एक व्यक्ति, जो कथित रूप से नशे में था, मेला में आकर पापड़ खरीदने की बात करता है। इसी दौरान किसी बात को लेकर सुधीर दास के साथ उसकी बहस हो जाती है। अचानक खगन मंडल तलाश में रखी गरम तेल की कड़ाही उठाकर सुधीर दास पर उड़ेल देता है। घटना में सुधीर बुरी तरह से झुलस जाते हैं।
घटना के समय मेला परिसर में मौजूद अन्य दुकानदार और स्थानीय लोग सुधीर की चीत्कार सुनकर मौके पर पहुँचे और उन्हें गंभीर हालत में मालदा मेडिकल कॉलेज और अस्पताल ले गए, जहाँ उनका इलाज चल रहा है।
घटना के बाद पीड़ित के परिवार ने मालदा थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी खगन मंडल को गिरफ्तार कर लिया है। इस घटना से पूरे इलाके में चिंता और आक्रोश का माहौल है।
पुलिस ने बताया कि पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है और यह देखा जा रहा है कि क्या घटना में और कोई शामिल है।




