कार्रवाई: भारी मात्रा में पुलिस ने किया कारतूस बरामद, देसी कट्टा भी हुआ जब्त
नन्दकिशोर दास
बेगूसराय ब्यूरो। जिले में पुलिस अपराधियों पर नकेल कसते हुए लगातार कार्रवाई कर रही है। दो अलग-अलग टीमों ने जिले में की गई छापेमारी के दौरान भारी मात्रा में जिंदा कारतूस, मोबाइल और एक देसी कट्टा बरामद किया है। इसके साथ ही एक व्यक्ति को गिरफ्तार भी किया है। नगर थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि गाछी टोला स्थित रिलायंस ज्वेलर्स शो-रूम के पास एक व्यक्ति संदिग्ध हालात में मौजूद है। पुलिस टीम ने मौके पर पहुँचकर घेराबंदी की और आरोपी को पकड़ लिया। पूछताछ में उसकी पहचान अभियुक्त अशोक तांती, साहेबपुरकमाल के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके झोले से 120 जिंदा कारतूस और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया। पुलिस ने बताया कि यह मामला गंभीर अपराध की साजिश से जुड़ा प्रतीत होता है। आरोपी के खिलाफ नगर थाना कांड संख्या-389/25 के तहत धारा-25(1-बी)(ए)/26/30 आर्म्स एक्ट का मामला दर्ज कर विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में रिफाइनरी थाना की पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम हरपुर के बाला नगर वार्ड नं-12 स्थित मक्कई के खेत के आड़ में एक हथियार छुपाया गया है। टीम ने तत्काल छापेमारी की और एक देसी कट्टा बरामद किया। हालांकि, पूछताछ के दौरान स्थानीय ग्रामीणों ने हथियार के बारे में कोई जानकारी नहीं दी। इस मामले में रिफाइनरी थाना कांड संख्या-98/25 के तहत धारा-25(1-बी)/26 आर्म्स एक्ट का मामला दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। लगातार हो रही कार्रवाई यह दर्शाती है कि बेगूसराय पुलिस अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शने के मूड में नहीं है। भारी मात्रा में कारतूस और हथियार की बरामदगी से आपराधिक घटनाओं पर रोकथाम की उम्मीद जताई जा रही है।

