शहर की बिगड़ी सफाई व्यवस्था व गंदगी पर प्रशासन की नजर !
उपखंड अधिकारी व तहसीलदार ने की मौके पर सफाई व्यवस्था की जांच, दिए कड़े निर्देश !
सार्वजनिक स्थलों पर साफ-सफाई में लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त, हर स्तर पर मॉनिटरिंग के आदेश !
कोटपूतली-बहरोड़-
शहर की बदहाल सफाई व्यवस्था को लेकर अब प्रशासन सख्त हो गया है। जिला कलक्टर कल्पना अग्रवाल के निर्देश पर कोटपूतली उपखंड अधिकारी बृजेश कुमार चौधरी ने नगर परिषद अधिकारियों और सफाई ठेकेदारों के साथ शहर के प्रमुख इलाकों का औचक निरीक्षण किया और साफ-सफाई की वास्तविक वस्तुस्थिति को परखा।
शहर के विभिन्न क्षेत्रों का किया निरीक्षण—
निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने पुरानी सब्ज़ी मंडी, डाबला रोड़ चौराहा, अग्रसेन तिराहा, दिल्ली दरवाज़ा, बानसूर रोड, आज़ाद चौक और सिविल कोर्ट परिसर सहित कई सार्वजनिक स्थानों का दौरा किया। उन्होंने निर्देश दिए कि कचरा समय पर उठाया जाए, नालों की नियमित सफाई हो, और ड्रेनेज सिस्टम को सुचारू रखा जाए। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि सफाई कार्य में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों व ठेकेदारों की जवाबदेही तय की जाएगी। एसडीएम चौधरी ने नगर परिषद को निर्देश देते हुए कहा कि सफाई व्यवस्था की नियमित मॉनिटरिंग हो और हर सार्वजनिक स्थल पर स्वच्छता के मानकों का पालन सुनिश्चित किया जाए।
तहसीलदार ने परखीं सफाई व्यवस्था, दिए निर्देश—-
वहीं तहसीलदार रामधन गुर्जर ने भी नागाजी की गोर, आईटीआई कॉलेज क्षेत्र और अन्य इलाकों का निरीक्षण किया। उन्होंने आईटीआई परिसर में कचरा मुक्त वातावरण बनाए रखने और विद्यार्थियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए। प्रशासन की इस कार्रवाई से शहरवासियों में उम्मीद जगी है कि अब शायद शहर की सफाई व्यवस्था में सुधार देखने को मिलेगा।



