पश्चिम बंगाल की 3 राज्यसभा सीटों पर उपचुनाव की घोषणा
-भाजपा की झोली में जा सकती है तीनों सीट
भारत पोस्ट संवाददाता
कोलकाता। पश्चिम बंगाल से राज्यसभा की तीन खाली सीटों के लिए उपचुनाव का ऐलान कर दिया गया है। ये सीटें सांसद सुखेंदु शेखर रॉय, सुष्मिता देव और प्रकाश चिक बराइक के इस्तीफे के बाद खाली हुई थीं। इन तीनों सीटों पर 24 जुलाई 2026 ;शुक्रवार को सुबह 9:00 बजे से शाम 4:00 बजे तक मतदान होगा। ये उपचुनाव राज्यसभा की तीन आकस्मिक सीटों को भरने के लिए कराए जाएंगे।
तृणमूल कांग्रेस के तीन राज्यसभा सांसदों ने कुछ दिनों पहले ही अपनी सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था। चुनाव आयोग ने बताया है कि 24 जुलाई को इन तीनों सीटों के लिए चुनाव होंगे और उसी दिन नतीजे भी आ जाएंगे। इस बात की पूरी उम्मीद है कि जिन तीन सांसदों ने इस्तीफा दिया उन्हीं को अब भारतीय जनता पार्टी अपना उम्मीदवार बना सकती है और अपने विधायकों की संख्या के आधार पर उसके तीनों उम्मीदवार आसानी से जीत भी सकते हैं।
इस्तीफा देने वाले नेताओं में सुखेंदु शेखर रॉय, सुष्मिता देव और प्रकाश चिक बड़ाईक के नाम शामिल हैं। अभी तक ये तीनों नेता बीजेपी में शामिल तो नहीं हुए हैं। लेकिन इस्तीफा देने के तुरंत बाद से ही ये नेता बीजेपी नेताओं से मिलते नजर आए हैं। ये लोग खुलकर बीजेपी की तारीफ भी करने लगे हैं। इनमें से सुखेंदु शेखर रॉय, और प्रकाश चिक बड़ाईक वाली सीटों का कार्यकाल मार्च 2029 और सुष्मिता देव वाली सीट का कार्यकाल अप्रैल 2030 तक है. इन तीनों ने जून के महीने में अपनी सदस्यता से इस्तीफा देने के साथ ही टीएमसी का साथ भी छोड़ दिया था।



