बांकीपुर उपचुनाव ने बिहार की राजनीति को दिया बड़ा संदेश : आनन्द माधव

 

पटना। बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में जन सुराज पार्टी की जीत पर प्रतिक्रिया देते हुए बिहार कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं एआईसीसी सदस्य आनन्द माधव ने कहा कि इस परिणाम के पीछे मुख्य रूप से दो कारण रहे—स्थापित विपक्षी दलों की निष्क्रियता और सत्तारूढ़ दल के प्रति जनता की बढ़ती उदासीनता।

आनन्द माधव ने पूर्व विधायक छत्रपति यादव, राजकुमार राजन, प्रद्युम्न यादव, वसी अख्तर और रमेश कुमार सिंह के साथ जारी संयुक्त बयान में कहा कि बिहार में वर्तमान कांग्रेस और राजद के प्रति जनता का भरोसा लगातार कम हुआ है। उनका आरोप है कि विपक्षी दल न तो जनता के बीच सक्रिय हैं और न ही सदन में प्रभावी एवं सकारात्मक भूमिका निभा पा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि दूसरी ओर भारतीय जनता पार्टी के शासन से भी बिहार की जनता निराश है। उनके अनुसार, जब तक मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सक्रिय नेतृत्व में थे, तब तक लोगों में उम्मीद बनी हुई थी, लेकिन अब वह विश्वास कमजोर पड़ गया है। उन्होंने राज्य में भ्रष्टाचार और अपराध की बढ़ती घटनाओं पर भी चिंता जताई।

आनन्द माधव ने कहा कि विपक्षी दलों के कार्यकर्ताओं की निष्क्रियता का सीधा लाभ जन सुराज पार्टी को मिला है। जनता ने जन सुराज को एक नए राजनीतिक विकल्प के रूप में स्वीकार किया है और उससे बेहतर शासन एवं अपने वादों को निभाने की अपेक्षा रखती है।

उन्होंने कहा कि बांकीपुर उपचुनाव का परिणाम बिहार कांग्रेस और राजद के लिए आत्ममंथन का अवसर है, जबकि भाजपा के लिए यह स्पष्ट चेतावनी है कि यदि जनता की अपेक्षाओं पर खरा नहीं उतरा गया तो आने वाले समय में जनमत पूरी तरह बदल सकता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button