अंतर्राष्ट्रीय सहकारिता सप्ताह के उपलक्ष्य में रक्तदान शिविर कार्यक्रम का किया आयोजन
अश्विनी वालिया
कुरुक्षेत्र, 4 जुलाई। अंतर्राष्ट्रीय सहकारिता सप्ताह उत्सव के अंतर्गत जिला रेडक्रॉस व लोक नायक जयप्रकाश अस्पताल के तत्वाधान में हैफेड सेक्टर-3 में एक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर का शुभारंभ सहकारी समितिया उप-रजिस्ट्रार सतीश रोहिला ने किया।
उप-रजिस्ट्रार सतीश रोहिला ने कहा कि इस कार्यक्रम में हैफेड तथा विभिन्न सहकारी समितियों के कुल 57 कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान कर मानवता की सेवा में अपना योगदान दिया। उन्होंने कहा कि सभी रक्तदाताओं को हैफेड की ओर से उपहार स्वरूप हैफेड द्वारा निर्मित सहकारी उत्पाद एक किलोग्राम बासमती चावल एवं एक किलोग्राम चाय पत्ती देकर सम्मानित किया गया। साथ ही जिला नागरिक अस्पताल, कुरुक्षेत्र द्वारा भी सभी रक्तदाताओं को प्रशंसा पत्र देकर उनका मनोबल बढ़ाया गया।
उन्होंने कहा कि इस अवसर पर हैफेड तथा सहकारी समितियों के सरकारी गोदामों पर लगभग 500 पौधों का पौधरोपण किया गया है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों व जिला रेडक्रॉस व जिला नागरिक अस्पताल, कुरुक्षेत्र की तरफ से आए हुए डॉक्टर व स्टाफ का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि रक्तदान एक महान सेवा है और सहकारी संस्थाएं सदैव सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति सजग रहती है। यह रक्तदान शिविर न केवल सहकारिता की भावना को प्रोत्साहित करता है बल्कि समाज के प्रति हमारी जिम्मेदारी को भी रेखांकित करता है। इस आयोजन की अध्यक्षता जिला प्रबंधक हैफेड शमशेर सिंह द्वारा की गई।


