वर्षों से एक ही प्रखंड में जमे लेखा सहायकों का होगा स्थानांतरण: डीएम
प्रत्येक माह कम से कम एक बार विद्यालयों का निरीक्षण कर मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता को जांच करें अधिकारी
नन्दकिशोर दास
बेगूसराय ब्यूरो। सोमवार को समाहरणालय स्थित कारगिलय विजय भवन में शिक्षा विभाग के कार्यों की समीक्षा जिला पदाधिकारी तुषार सिंगला ने समीक्षा की। बैठक में सहायक समाहर्ता, जिला शिक्षा पदाधिकारी, बेगूसराय जिला कार्यक्रम पदाधिकारी स्थापना, सभी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे। बैठक में जिला पदाधिकारी द्वारा प्राथमिक शिक्षा एवं शिक्षा अभियान, पीएम पोषण योजना, योजना एवं लेखा सहित अन्य मुद्दों पर चर्चा की गई।
जिला पदाधिकारी ने अनुपस्थित पाये गये प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी से स्पष्टीकरण की मांग की। साथ ही बिहार आधारभूत संरचना निगम लिमिटेड के कार्यपालक अभियंता के लगातार बैठक में अनुपस्थित रहने पर राज्य कार्यालयक को प्रतिवेदित करने का निर्देश जिला शिक्षा पदाधिकारी को दिया गया। जिला पदाधिकारी ने सभी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी एवं बीआरपी के कार्य का पैरामीटर निर्धारित करते हुए रैकिंग करने का निर्देश दिया, ताकि जिन प्रखंडों का रैकिंग सबसे नीचे है, उन्हें चिन्हित कर कार्रवाई करने की बात कहीं। डीएम ने वैसे सभी लेखा सहायक जो अधिक वर्षों से एक ही प्रखंड में पदस्थापित है, उनका स्थानांतरण करने का निर्देश दिया। आरटीई के तहत 25 प्रतिशत बच्चों का नामांकन वाले निजी विद्यालयों की राशि भुगतान की प्रक्रिया जल्द से जल्द करने का निर्देश दिया। सभी संबंधित पदाधिकारियों को प्रत्येक माह कम से कम एक बार प्रत्येक विद्यालय का निरीक्षण करते हुए मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता को भी जांच करने का निर्देश दिया गया।जिले के सभी प्रखंडों में डिग्री कॉलेज खोलने के लिए जमीन चिन्हित करने का निर्देश संबंधित पदाधिकारी को दिया। जिला पदाधिकारी ने जिला शिक्षा पदाधिकारी को लगातार प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी से गुगल मीट के माध्यम से कार्यो की समीक्षा करने का निर्देश दिया गया।



