बेतिया में भ्रष्टाचार पर डीएम का कड़ा प्रहार!
रिश्वतखोर 'बाबू' का वीडियो वायरल, डीसीएलआर के सहायक नितेश कुमार निलंबित`
_रमेश ठाकुर – नरकटियागंज रामनगर पश्चिमी चंपारण,बिहार_बेतिया में भ्रष्टाचार के खिलाफ जिला प्रशासन ने सख्त कदम उठाया है। सदर डीसीएलआर कार्यालय में तैनात सहायक लिपिक नितेश कुमार को रिश्वत लेते हुए कैमरे में कैद किया गया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। मामला जिलाधिकारी दिनेश कुमार राय के संज्ञान में आते ही उन्होंने बिना देर किए आरोपी लिपिक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।
जानकारी के मुताबिक, लिपिक नितेश कुमार पर पहले भी भ्रष्टाचार के आरोप लगे थे, लेकिन इस बार एक वीडियो ने उसकी पोल खोल दी। वीडियो में वह खुलेआम रिश्वत लेते हुए नजर आ रहे हैं। जैसे ही यह वीडियो डीएम राय तक पहुंचा, उन्होंने तत्काल जांच के आदेश दिए। जांच में आरोप सही पाए जाने पर डीएम ने सख्त कार्रवाई करते हुए नितेश कुमार को नौकरी से निलंबित कर दिया।
इस कार्रवाई के बाद जिले भर के सरकारी कर्मचारियों में हड़कंप मच गया है। डीएम दिनेश कुमार राय ने स्पष्ट संदेश दिया कि किसी भी स्तर पर भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने सभी सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों को ज़ीरो टॉलरेंस नीति के तहत ईमानदारी से काम करने की सख्त हिदायत दी है।
बिहार सरकार पहले से ही सरकारी दफ्तरों में भ्रष्टाचार के खिलाफ कड़ा रुख अपनाए हुए है। डीएम की यह कार्रवाई न केवल एक मिसाल है, बल्कि यह संकेत भी है कि भ्रष्टाचार करने वालों की अब खैर नहीं!
घटना सामने आने के बाद आम जनता भी गुस्से में है। लोग आरोपी लिपिक के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
अब देखने वाली बात यह होगी कि प्रशासन भ्रष्टाचारियों पर नकेल कसने के लिए आगे और क्या कदम उठाता है!