दो बच्चों की मां के साथ कानपुर में पेड़ से लटका मिला प्रेमी युवक, दिसंबर में थी शादी

 

सुनील बाजपेई
कानपुर । यहां दो बच्चों की मां के साथ उसके प्रेमी युवक ने रेलवे लाइन किनारे एक ही पेड़ से फंदे पर लटकर जान दे दी। जेब से मिले आधार कार्ड और करीब एक किलोमीटर दूर खड़ी बाइक से दोनों की पहचान उन्नाव के जवाहरखेड़ा निवासी मालती देवी (27) और कोतवाली थाना के खुमान खेड़ा निवासी ओम (22) के रूप में हुई। यह वारदात महाराजपुर थाना के सुभौली गांव की है। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके से सबूत जुटाए और शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया। जहां आज रविवार को दोनों के परिवार वाले भी पहुंचे। उन्होंने बताया कि दोनों के बीच करीब दो साल से प्रेम संबंध थे।
मृतक मालती देवी के पति रामू निवासी जवाहरखेड़ा,उन्नाव ने बताया कि वह राजमिस्त्री का काम करता है। साल 2018 मे उसकी शादी हुई थी। उसके दो बच्चे हैं। पत्नी मालती के करीब दो साल से ओम से प्रेम संबंध थे। ओम अक्सर उनके पड़ोसी छोटू के घर आता-जाता था। इसी दौरान दोनों की बातचीत शुरू हुई। रामू का आरोप है कि पड़ोसी छोटू ने ही उसकी पत्नी का मोबाइल नंबर ओम को दिया था, जिसके बाद दोनों के बीच बातचीत बढ़ती गई।
पुलिस को पति रामू ने बताया कि दिसंबर-2025 में मालती बिना बताए घर से चली गई थी। देर शाम घर लौटने पर उसके नहीं मिलने पर काफी खोजबीन की गई। पता नहीं चलने पर उसने उन्नाव के कोतवाली थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई। करीब चार दिन बाद पुलिस ने मालती को उसके फूफा हरिशंकर के घर से बरामद कर थाने लाया था।
रामू ने बताया- उस दौरान मालती के पिता रामशंकर और ओम के पिता सुखलाल को भी थाने बुलाया गया था। वहां मालती ने परिवार के सामने पति के साथ रहने से इनकार कर दिया था। उसने कहा था कि वह प्रेमी ओम के साथ रहेगी या मायके चली जाएगी।
इसके बाद पुलिस ने लिखा-पढ़ी कर उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया था। ओम को भी महिला से दूरी बनाए रखने और बातचीत न करने की हिदायत देकर छोड़ दिया गया था। परिजनों के मुताबिक, कुछ समय बाद दोनों फिर फोन पर बातचीत करने लगे थे।
घटना के समय ओम कुछ सामान लेने की बात कहकर घर से निकला था। वहीं मालती भी सुबह करीब 7 बजे घर से बिना कुछ बताए निकल गई थी। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button