सुरक्षा के घेरे में होंगे छठ घाट, जलस्तर और नदी के प्रवाह को देखते हुए मजबूत बैरिकेडिंग का निर्देश

 

_रमेश ठाकुर – 

पटना । लोक आस्था के महापर्व छठ-2026 को लेकर बिहार सरकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गुरुवार को गंगा नदी के विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। स्टीमर के माध्यम से उन्होंने नासरीगंज घाट से लेकर कलेक्ट्रियेट घाट, गांधी घाट, पहलवान घाट, गुलबी घाट, चौधरी टोला घाट, पथरी घाट, गायघाट, भद्र घाट होते हुए महावीर घाट तक का निरीक्षण किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने घाटों पर साफ-सफाई, सुरक्षा, बैरिकेडिंग और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि छठ महापर्व को देखते हुए गंगा घाटों पर सभी तैयारियां समय रहते पूरी कर ली जाएं, ताकि छठ व्रतियों को अर्घ्य देने में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने गंगा नदी के जलस्तर और प्रवाह को ध्यान में रखते हुए घाटों के आसपास मजबूत बैरिकेडिंग कराने का निर्देश दिया। साथ ही घाटों तक पहुंचने वाले रास्तों और गंगा किनारे की सड़कों पर भी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने को कहा।

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि छठ पूजा के दौरान माइकिंग के माध्यम से घाटों पर उपलब्ध सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था और अन्य आवश्यक सूचनाओं की जानकारी श्रद्धालुओं को लगातार दी जाए। उन्होंने छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा घाटों पर साफ-सफाई और स्वच्छता के मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने की हिदायत दी।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि पटना में गंगा नदी पर कुल 103 घाट हैं। इनमें 91 घाट सुरक्षित घोषित किए गए हैं, जबकि 5 घाट खतरनाक श्रेणी में हैं। वहीं, 7 घाटों पर अभी निर्माण एवं अन्य कार्य जारी हैं। अधिकारियों ने बताया कि छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए विभिन्न घाटों पर आवश्यक नागरिक सुविधाएं विकसित की जा रही हैं।

इसके तहत 552 अस्थायी शौचालय, 450 अस्थायी यूरिनल, 400 अस्थायी चेंजिंग रूम, 13 यात्री शेड और 171 वॉच टावर बनाए गए हैं। घाटों पर व्यवस्थाओं, सुरक्षा प्रबंधों और विभिन्न विभागों के कार्यों की निगरानी के लिए 21 सेक्टर गठित किए गए हैं। प्रत्येक सेक्टर में अधिकारियों एवं कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की गई है, ताकि तैयारियों का निरीक्षण, पर्यवेक्षण और अनुश्रवण बेहतर तरीके से किया जा सके।

पटना नगर निगम की ओर से छठ महापर्व-2026 को लेकर 92 घाटों एवं 103 तालाबों को तैयार किया जा रहा है। इनमें 37 कृत्रिम और 66 स्थायी तालाब शामिल हैं। प्रशासन का प्रयास है कि श्रद्धालुओं को गंगा घाटों के साथ-साथ वैकल्पिक पूजा स्थलों पर भी बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

निरीक्षण के दौरान उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी एवं बिजेंद्र प्रसाद यादव, सहकारिता मंत्री राम कृपाल यादव, विधायक रत्नेश कुमार एवं संजय कुमार, पटना की महापौर सीता साहू, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत सहित विभिन्न विभागों के प्रधान सचिव, सचिव, पटना नगर निगम के आयुक्त यशपाल मीणा, जिलाधिकारी कुंदन कुमार, वरीय पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय के. शर्मा तथा अन्य वरीय अधिकारी एवं गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button