उत्तर बंगाल के विकास की कुंजी बनेगी शिक्षा और उद्योग : वित्त मंत्री डॉ. स्वपन दासगुप्ता
एसआईटी में बोले मंत्री— शिक्षा, स्वास्थ्य और उद्योग के क्षेत्र में अपार संभावनाएं, राज्य सरकार देगी हरसंभव सहयोग
अजित प्रसाद/ सिलीगुड़ी, । उत्तर बंगाल शिक्षा, स्वास्थ्य और उद्योग के क्षेत्र में अपार संभावनाओं से भरपूर है। यदि इन क्षेत्रों का समुचित विकास किया जाए तो पूरे क्षेत्र की आर्थिक और सामाजिक तस्वीर बदली जा सकती है। यह बातें पश्चिम बंगाल के वित्त मंत्री पद्म भूषण डॉ. स्वपन दासगुप्ता ने मंगलवार को सिलीगुड़ी इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (SIT) में आयोजित कार्यक्रम के दौरान कहीं।
कार्यक्रम के दौरान वित्त मंत्री ने परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इसके बाद मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि शिक्षा ही विकास का सबसे सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ उद्योगों और शैक्षणिक संस्थानों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा किए जा सकते हैं।
डॉ. दासगुप्ता ने एसआईटी के शिक्षकों एवं शिक्षा विशेषज्ञों के साथ भी विस्तृत चर्चा की। बैठक में राज्य के विकास, उच्च शिक्षा, शोध, नवाचार और कौशल विकास को बढ़ावा देने पर विचार-विमर्श हुआ। उन्होंने भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार शिक्षा और सामाजिक विकास से जुड़े हर सकारात्मक प्रयास में पूरा सहयोग करेगी।
उन्होंने कहा कि उत्तर बंगाल में उच्च शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं और औद्योगिक निवेश की व्यापक संभावनाएं मौजूद हैं। यदि विश्वविद्यालयों और तकनीकी संस्थानों को उद्योगों से जोड़ा जाए तथा अनुसंधान और नवाचार को बढ़ावा दिया जाए, तो क्षेत्र के समग्र विकास को नई गति मिल सकती है।
कार्यक्रम के अंत में वित्त मंत्री ने एसआईटी के विद्यार्थियों से संवाद किया और उनके विचार भी सुने। छात्रों के साथ उनकी यह सीधी बातचीत कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रही।
इस अवसर पर आईआईटी खड़गपुर के प्रोफेसर डॉ. सिद्धार्थ दास तथा टेक्नो इंडिया ग्रुप के संस्थापक एवं प्रबंध निदेशक तथा सिस्टर निवेदिता यूनिवर्सिटी, कोलकाता एवं टेक्नो इंडिया यूनिवर्सिटी, त्रिपुरा के कुलाधिपति श्री सत्यम रायचौधरी भी उपस्थित रहे।



