एनजेपी स्टेशन पर 50 लाख रुपये का गांजा बरामद, दो गिरफ्तार
अगरतला से बिहार ले जाने का पुलिस का प्रारंभिक अनुमान, मंगलवार को अदालत में होगी पेशी
सिलीगुड़ी: न्यू जलपाईगुड़ी (एनजेपी) रेलवे स्टेशन पर SOG और सिलीगुड़ी GRP की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में गांजा बरामद किया है। बरामद गांजे की अनुमानित बाजार कीमत करीब 50 लाख रुपये बताई जा रही है। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, सोमवार को गुप्त सूचना के आधार पर एनजेपी स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर छह पर डाउन रानी कमलापति एक्सप्रेस के पहुंचने के बाद तलाशी अभियान चलाया गया। SOG, सिलीगुड़ी GRP और एनजेपी GRP की टीम ने ट्रेन के एक AC कोच में तलाशी ली, जहां से गांजा बरामद किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुरज कुमार पासवान और राज किशोर के रूप में हुई है। दोनों बिहार के सारण जिले के निवासी बताए गए हैं। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में आशंका है कि आरोपी अगरतला से गांजा लेकर बिहार जा रहे थे।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गांजा कहां से लाया गया था और इस कथित तस्करी नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को मंगलवार को रिमांड की मांग के साथ जलपाईगुड़ी अदालत में पेश किया जाएगा।




