कानपुर मेडिकल कॉलेज की पांचवी मंजिल से गिरकर महिला डॉक्टर की मौत, हिरासत में दो

परिजनों ने लगाया छत से फेंक कर हत्या का आरोप, इसीलिए दो साथी डॉक्टरों से भी पूछताछ कर रही पुलिस - 25 जून को लेनी थी उसे मेरठ मेडिकल कॉलेज में जॉइनिंग

 

सुनील बाजपेई
कानपुर। यहां के जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज में अचानक बड़ा हादसा हो गया। यहां की 5वीं मंजिल से गिरकर महिला डॉक्टर की मौत हो गई। यह घटना बीती देर रात उस समय की है, जब महिला डॉक्टर साथी डॉक्टरों के साथ पार्टी कर रही थी। बीती रात आयोजित पार्टी के लिए सभी डॉक्टर छत पर गए। थोड़ी देर में डॉक्टर दीक्षा तिवारी के छत से गिरने की आवाज आई। उसकी मौके पर मौत हो गई। साथी दोस्तों ने कॉलेज प्रशासन को इसकी जानकारी दी जिसके बाद पुलिस, फोरेंसिक टीम के साथ पहुंची और जांच-पड़ताल की। इस बीच मौके पर पहुंचे उसके परिजनों द्वारा हत्या का आरोप लगाया जाने के चलते डा. दीक्षा तिवारी के दो साथी डाक्टरों को हिरासत में लेकर पूछताछ भी की जा रही है। वहीं साथी डॉक्टरों का कहना है- दीक्षा छत पर जिस जगह बैठी थी, वह जगह कमजोर थी। जिसके टूटने से वो नीचे गिर गई। वहीं दूसरी ओर डॉक्टर दीक्षा तिवारी के भाई ने कहा- छत पर रगड़ के निशान हैं। उसे छत से फेंका गया है। इसकी जांच होनी चाहिए। इसी लिए पुलिस ने 2 साथी डॉक्टरों को हिरासत में लिया है। साथ ही घटना की तह तक पहुंचाने के लिए सीसीटीवी भी चेक कर रही है।
मिली जानकारी के मुताबिक डॉक्टर दीक्षा तिवारी (26) बरेली की रहने वाली थी। और 2024 सेशन में ही उसने एमबीबीएस की पढ़ाई पूरी की। आगामी 25 जून को उसे मेरठ मेडिकल कॉलेज में जॉइनिंग लेनी थी। वह यहां स्वरूप नगर में किराए पर रहती थी। उनके पिता प्रदीप तिवारी का बरेली में प्रिंटिंग प्रेस का काम है। परिवार में मां रेनू तिवारी, भाई मयंक तिवारी हैं। मयंक पुणे में प्राइवेट नौकरी करते हैं। घटना के बाद उसके परिवार में कोहराम मचा हुआ है वहीं पुलिस लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेजने के साथ ही मामले की जांच कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button