हल्दिया में भीषण सड़क हादसा,बस और बाइक की सीधी टक्कर में 3 की मौत, 10 यात्री घायल

हल्दिया: पश्चिम बंगाल के पूर्व मेदिनीपुर जिले के हल्दिया अंतर्गत सुताहाटा थाना क्षेत्र में आज एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। सुताहाटा के घोषेर मोड़ इलाके में एक निजी बस और मोटरसाइकिल के बीच हुई सीधी भिड़ंत में तीन बाइक सवारों की मौके पर ही मौत हो गई।यह दुर्घटना बालूघाटा-कुंकड़हाटी रोड पर दोपहर के समय हुई। चश्मदीदों के मुताबिक, कुंकड़हाटी की ओर जा रही बस अचानक अनियंत्रित हो गई और सामने से आ रही बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। स्थानीय लोगों का आरोप है कि बस का स्टीयरिंग फेल (कट गया) हो गया था, जिसके कारण चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया। मोटरसाइकिल पर सवार तीनों व्यक्तियों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

बस में सवार कुल 10 यात्री घायल हुए हैं। 5 घायलों की स्थिति नाजुक होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए तमलुक रेफर किया गया है।शेष 5 घायलों का इलाज हल्दिया उपमंडल अस्पताल में चल रहा है।घटना की सूचना मिलते ही हल्दिया के एसडीपीओ (SDPO) अरिंदम अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात सामान्य करने की कोशिश की जा रही है। पुलिस हादसे के सटीक कारणों की जांच कर रही है।




