ब्रिटिश पीएम कीर ने दिया इस्तीफा

नए प्रधानमंत्री के चयन तक संभालेंगे पद

-गिरती लोकप्रियता के बीच लिया बड़ा फैसला
विशेष प्रतिनिधि
लंदन। ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टॉर्मर ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने कहा कि ब्रिटेन में अगले पीएम चुने जाने तक वो पद में बने रहेंगे। प्रधानमंज्ञी पद के अलावा स्टार्मर ने लेबर पार्टी के नेता के पद से भी इस्तीफा दे दिया है।
सरकार और लेबर पार्टी की लगातार गिरती लोकप्रियता के बीच बढ़ते राजनीतिक दबाव का सामना कर रहे ब्रिटिश प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने इस्तीफा देने की घोषणा की। जुलाई 2024 में लेबर पार्टी को ऐतिहासिक चुनावी जीत दिलाकर सत्ता में लाने वाले स्टार्मर पिछले दो सालों से प्रधानमंत्री पद संभाल रहे थे। हालांकि, इस दौरान उनकी व्यक्तिगत लोकप्रियता और पार्टी के जनाधार में लगातार गिरावट दर्ज की गई।
पिछले सप्ताह हुए एक विशेष चुनाव में स्टार्मर के प्रमुख प्रतिद्वंद्वी माने जाने वाले एंडी बर्नहैम की जीत के बाद उनके नेतृत्व पर सवाल और तेज हो गए थे। बर्नहैम की जीत ने स्टार्मर के इस्तीफे की पृष्ठभूमि तैयार कर दी। ग्रेटर मैनचेस्टर के पूर्व मेयर बर्नहैम सोमवार को संसद सदस्य के रूप में शपथ लेने वाले हैं. हालांकि यह अभी साफ नहीं है कि एंडी बर्नहैम को सर्वसम्मति से लेबर पार्टी का नया नेता चुना जाएगा या उन्हें नेतृत्व की दौड़ में किसी चुनौती का सामना करना पड़ेगा। पार्टी के भीतर नेतृत्व परिवर्तन को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
स्टार्मर के नेतृत्व के विरोध में पिछले महीने स्वास्थ्य मंत्री पद से इस्तीफा देने वाले वेस स्ट्रीटिंग ने संकेत दिया है कि यदि पार्टी में नेतृत्व के लिए चुनाव कराया जाता है तो वह भी उम्मीदवार के तौर पर मैदान में उतर सकते हैं। इससे नेतृत्व की लड़ाई और दिलचस्प होने की संभावना है।
पिछले कुछ दिनों से स्टार्मर के इस्तीफे को लेकर अटकलें लगाई जा रही थीं। हालांकि, प्रधानमंत्री कार्यालय ने इस पर कोई टिप्पणी करने से इनकार कर दिया था। वहीं, मंत्री पीटर काइल ने रविवार को कहा था कि स्टार्मर राजनीतिक वास्तविकताओं, चुनौतियों और अवसरों पर विचार करने के लिए समय ले रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button