सामाजिक जागरूकता से ही बाल विवाह से मुक्ति संभव: करुणानिधि प्रसाद आर्य
एसके महिला कॉलेज में छात्राओं के बीच एक दिवसीय बाल विवाह मुक्त विषय पर विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन
नन्दकिशोर दास
बेगूसराय ब्यूरो। एसके महिला कॉलेज में छात्राओं के बीच एक दिवसीय बाल विवाह मुक्त विषय पर विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर की अध्यक्षता जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव सह अवर न्यायाधीश करुणानिधि प्रसाद आर्य ने की जबकि मंच का संचालन प्रोफेसर आदेश भारती ने की। शिविर में एसके महिला कॉलेज के प्राचार्य विमल कुमार ने कहा कि जिला विधिक सेवा प्राधिकार बेगूसराय एवं जिला प्रशासन की टीम छात्राओं को बाल विवाह विषयों पर जागरूक करने के लिए आए हैं।
जागरूकता शिविर में जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव सह अवर न्यायाधीश करुणा निधि प्रसाद आर्य ने कहा कि सामाजिक जागरूकता के बल पर ही बाल विवाह से मुक्ति मिलना संभव है। इसके लिए सामाजिक स्तर पर लोगों को जागरूक करना अतिआवश्यक है।इसी मद्देनजर को देखते हुए जिला विधिक सेवा प्राधिकार की टीम एसके महिला कॉलेज में छात्राओं को बाल विवाह मुक्त विषय पर विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। ताकि छात्राएं बाल विवाह के प्रति जागरूक होकर समाज को भी जागरूक कर सकें। देश में बाल विवाह से मुक्ति मिल सके। बाल विवाह पर कॉलेज की छात्राओं ने भी गीत और कविता के माध्यम से शिविर में लोगों को जागरूक किया। शिविर में मुख्यालय डीएसपी निखिल कुमार ने कहा कि समाज में काफी हद तक जागरूक होने की जरूरत है। क्योंकि बाल विवाह के बाद बच्चियों का जीवन नर्क बन जाता है। कम उम्र में शादी होने के बाद बच्चियों की पढ़ाई लिखाई तो बाधित होती ही है, उनकी शारीरिक समस्याएं भी अनेक प्रकार से उन्हें प्रभावित करती हैं। इसलिए समाज को बाल विवाह से बचने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि जिले में बाल विवाह को रोकने के लिए बेगूसराय पुलिस भी आपके साथ कदम से कदम मिलाकर खड़ी है। जब किसी भी नागरिक को बाल विवाह से संबंधित कोई सूचना मिले तो वह तुरंत डायल 112 और चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 पर कॉल करें, ताकि ससमय बाल विवाह पर रोक लगाया जा सके। इस जागरूकता शिविर में डीएसपी निखिल कुमार, सिविल सर्जन अशोक कुमार, प्राचार्य डॉ. विमल कुमार सिंह, प्रोफेसर डॉ. सरफराज रहमान, डीपीओ सर्वशिक्षा अभियान के आकाश कुमार, बाल संरक्षण इकाई की सामाजिक कार्यकर्ता मोनिका कुमारी, एलएडीसी चीफ अशोक कुमार, सहायक सुधा कुमारी, डॉ.नीरज बाल, डीएलएसए के संगम मिश्रा, शैलेश कुमार, मोहम्मद कौनैन अली, प्रभात कुमार सिंहा, रवि कुमार आदि मौजूद थे।




