सरस्वती माता के मंत्रालय में लक्ष्मी की पूजा नहीं: तिवारी
-महिला शिक्षकों की उनके बगल के पंचायत में होगी पोस्टिंग
भारत पोस्ट संवाददाता
रामगढ़ ; कैमूर। बिहार सरकार के शिक्षा मंत्रालय की कमान मिलने के बाद मिथिलेश तिवारी पहली बार रामगढ़ पहुंचे। पूर्व विधायक अशोक कुमार सिंह व बीजेपी कार्यकर्ताओं ने बड़े फूलों का हार पहनाकर स्वागत किया। सभा को संबोधित करते मंत्री ने कहा मैंने विभाग के लोगों को साफ तौर पर कह दिया है। यह सरस्वती माता का मंत्रालय है। लक्ष्मी माता को प्रणाम करना है, तो दूसरे विभाग में चले जाइए। यहां सरस्वती माता की आराधना करनी होगी। सूबे की शिक्षा में गुणवत्ता पूर्ण सुधार लाने को लेकर मैंने कई अहम फैसले लिए है।
उन्होंने कहा कि मैंने देखा है, रामगढ़ जैसी जगह से शिक्षक बनी बहु.बेटियों को दूर भागलपुर जैसे जगहों पर रहकर स्कूल जाना पड़ रहा है। जिससे उन्हें काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। मुख्यमंत्री जी से मिलकर हमने निर्णय लिया कि महिला शिक्षकों की पोस्टिंग उनके बगल के पंचायत में, जबकि पुरुष शिक्षकों की पोस्टिंग उनके बगल के प्रखंड में किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि शिक्षकों को जिला कैडर करने जा रहे हैं, जो शिक्षक इस बार जिस जिला के लिए चयन करेंगे वह उसी जिले का होकर रह जाएंगे। बीच में अगर वह जिला छोड़कर किसी दूसरे जिले में जाएंगे तो उस शिक्षक की सीनियरिटी लॉस हो जाएगी। एक स्वीकृति पत्र पर एक ही शिक्षक रहेंगे। इसका भी हमने इंतजाम किया है। हम शिक्षकों की सुविधाओं का पूरा ख्याल रखेंगे किंतु पढ़ाई में कोई ढिलाई भी नहीं होगी। मंत्री ने आगे कहा कि शिक्षक अब शिक्षा विभाग के पोर्टल पर हाजिरी बनाकर ससुराल नहीं बल्कि बच्चों की पढ़ाई के लिए नियमित स्कूल जायेगे। बच्चों के प्रोग्रेस रिपोर्ट पर ही शिक्षकों का मूल्यांकन किया जाएगा।
रामगढ़ में कार्यकर्ताओं के उत्साह को देखते हुए मंत्री ने कहा रामगढ़ में दीनदयाल जी का अंत्योदय दिखता है। यहां हर गांव, हर वर्ग में भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता मौजूद है जिसे बड़े भाई अशोक सिंह ने सिंचने का काम किया। हर प्रखंड में एक मॉडल स्कूल चयनित किया गया है। अगर आपको लगता है रामगढ़ में कोई और एक स्कूल छूट गया है, तो आप चिन्हित करके दीजिए उसे बनाने का काम करेंगे। साथ ही प्रखंड के भूमिहीन विद्यालय, अपग्रेडेड होने वाले विद्यालयों की भी सूची दें, उसे पूरा कराया जाएगा।
विपक्ष पर निशान साधते हुए मंत्री ने कहा बक्सर के एक पूल क्षतिग्रस्त होने पर बक्सर सांसद द्वारा दूसरे के सर इसका ठीकरा फोड़ा जा रहा। भाई मोदी जी ने सड़क बनने के लिए रुपए दिए। बनवाने की जिम्मेदारी सांसद की होती है। यहां के कार्यकर्ताओं के प्रेम को देखकर अभिभूत हूं। विधानसभा में हुई एक छोटी सी गलती को अब दुबारा नहीं दोहराया जाएगा। मुख्यमंत्री आपके हैं। रामगढ़ का कोई भी कार्य बाधित नहीं होगा इस बात की मैं आपसे गारंटी देता हूं।
सभा को पूर्व विधायक अशोक कुमार सिंह ने सम्बोधित करते हुए कहा मिथलेश जी को शिक्षा मंत्री का पद मिलने के बाद सबसे ज्यादा खुशी बिहार के बीजेपी कार्यकर्ताओं को है, जिनके यह सबसे करीब है। सभा के दक्षता नगर अध्यक्ष संजय जयसवाल संचालक राजीव श्रीवास्तव ने किया। मौके पर पूर्व प्रमुख संजय सिंह, जिलाध्यक्ष ओम प्रकाश पांडेय, मंडल अध्यक्ष आनंद सिंह परशुराम तिवारी तरुण सिंह, बबलू राय, मुखिया जय प्रकाश राय, संदेश चौधरी, बीडीसी विकास टावर सहित काफी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

