हुगली सेतु पर सुबह-सुबह बड़ा हादसा: डिवाइडर से टकराकर पलटा कंटेनर, यातायात बाधित
अजित प्रसाद,हावड़ा/कोलकाता : विद्यासागर सेतु (द्वितीय हुगली सेतु) पर शनिवार सुबह एक भीषण सड़क दुर्घटना घटित हुई। जानकारी के अनुसार, सुबह करीब पौने आठ बजे माल से लदा एक विशाल कंटेनर अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराया और पलट गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कंटेनर लॉरी से अलग होकर डिवाइडर के बीच फंस गया।बाल-बाल बचे चालक और खलासीराहत की बात यह रही कि इस भयानक दुर्घटना में गाड़ी के चालक और खलासी को गंभीर चोटें नहीं आईं और वे बाल-बाल बच गए। पुलिस सूत्रों ने बताया कि हादसा सुबह ७:४५ बजे के आसपास हुआ, जिसके तुरंत बाद वहां चीख-पुकार मच गई। दुर्घटना के कारण ब्रिज पर वाहनों की आवाजाही काफी समय तक बाधित रही। विद्यासागर सेतु ट्रैफिक गार्ड के अनुसार क्रेन की मदद से ट्रेलर के केबिन वाले हिस्से को हटा दिया गया है, जिससे कोलकाता की ओर जाने वाला यातायात अब लगभग सामान्य हो गया है। कोलकाता से हावड़ा की ओर जाने वाली लेन में अभी भी यातायात कुछ हद तक प्रभावित है, क्योंकि क्रेन की सहायता से ट्रेलर की मुख्य बॉडी और फंसे हुए कंटेनर को हटाने का काम युद्ध स्तर पर चल रहा है।पुलिस और ट्रैफिक प्रशासन मौके पर मौजूद है और स्थिति को पूरी तरह सामान्य करने की कोशिश की जा रही है।




