मुख्यमंत्री निश्चय स्वयं सहायता भत्ता योजना से अब स्नातक पास युवाओं को भी मिलेगी भत्ता
नन्दकिशोर दास
बेगूसराय ब्यूरो। बिहार सरकार के ‘सात निश्चय कार्यक्रम’ के तहत संचालित मुख्यमंत्री निश्चय स्वयं सहायता भत्ता योजना का पुर्नगठन किया गया है। अब इस योजना में स्नातक (कला, विज्ञान एवं वाणिज्य) उत्तीर्ण बेरोजगार युवक-युवतियों को भी शामिल किया गया है, जिससे उन्हें रोजगार की तलाश के दौरान आर्थिक सहायता मिल सके।
इसके तहत अब 20 से 25 वर्ष आयु वर्ग के वैसे युवक-युवतियां, जो राज्य सरकार द्वारा मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालयों/महाविद्यालयों/संस्थानों से स्नातक (कला, विज्ञान एवं वाणिज्य संकाय से) उत्तीर्ण हैं, और किसी भी प्रकार का नियोजन (स्वरोजगार/सरकारी/निजी/गैर सरकारी) प्राप्त नहीं किए हैं तथा कहीं भी अध्ययनरत नहीं हैं, उन्हें भी इस योजना का लाभ मिलेगा। वैसे पात्र स्नातक उत्तीर्ण युवाओं को 1000 रूपये (एक हजार रुपये) प्रतिमाह की दर से स्वयं सहायता भत्ता अधिकतम 02 वर्षों तक देय होगा। इस योजना के तहत भत्ता प्राप्त करने वाले स्नातक उत्तीर्ण युवक-युवतियों को रोजगार/स्व-रोजगार के लिए श्रम संसाधन विभाग, बिहार द्वारा निःशुल्क कौशल विकास से संबंधित प्रशिक्षण भी प्रदान किया जाएगा। विदित हो कि जिले में मुख्यमंत्री निश्चय स्वयं सहायता भत्ता योजना में अब तक 5982 लक्ष्य के विरुद्ध 1234 लाभार्थियों को लाभ दिया जा चुका है। जिला पदाधिकारी द्वारा सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे अधिक से अधिक इस योजना को लेकर क्षेत्र में जागरूकता फैलाएं ताकि पात्र लाभुक इस योजना का लाभ उठा सके।



