शीघ्र चुनाव को लेकर एडीसी से मिले समाज के लोग पूर्व प्रधान सूरजभान नरवाल की अगुवाई में समाज के लोगों ने की एडीसी से शीघ्र चुनाव कराने की मांग

 

 

अश्विनी वालिया
कुरुक्षेत्र  श्री गुरु रविदास मंदिर एवं धर्मशाला सभा के पूर्व प्रधान सूरजभान नरवाल की अगुवाई में समाज के लोगों ने एडीसी सोनू भट्ट से मुलाकात कर सभा की शासकीय कमेटी के चुनाव जल्द कराने की मांग की। पूर्व प्रधान सूरजभान नरवाल ने एडीसी के समक्ष पक्ष रखते हुए बताया कि मंदिर कमेटी की शासकीय कमेटी का चुनाव काफी लंबे समय से लंबित है। चुनाव प्रक्रिया शुरू होने में देरी के चलते समाज के लोगों में असंतोष बढता जा रहा है। एडीसी ने उनका पक्ष सुनकर शीघ्र मंदिर कमेटी के चुनाव कराने का आश्वासन दिया।
बता दें कि श्री गुरु रविदास मंदिर एवं धर्मशाला सभा की शासकीय कमेटी व प्रबंधक कमेटी का कार्यकाल पिछले वर्ष 2024 में अक्तूबर में समाप्त हो चुका है। तत्कालीन प्रबंधक कमेटी ने चुनाव कराने के लिए चुनाव प्रक्रिया शुरू कर दी थी। चुनाव प्रक्रिया का शैडयूल जारी कर दिया गया था। चुनाव लडऩे वाले इच्छुक उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र भी दाखिल कर दिए थे, लेकिन एक पक्ष ने फर्म एवं सोसायटी उप रजिस्ट्रार कार्यालय से चुनाव का स्थगन आदेश ले लिया था, जिसके बाद चुनाव प्रक्रिया बीच में ही रुक गई थी। हालांकि प्रशासन ने मंदिर का कार्य व देखरेख के लिए एक एडहोक कमेटी का गठन भी किया था। चुनाव प्रक्रिया दोबारा शुरू करवाने के लिए प्रशासन की ओर से मंदिर में प्रशासक भी लगा दिया था।
प्रशासक को प्रशासन की ओर से मंदिर की शासकीय कमेटी व प्रबंधक कमेटी के चुनाव कराने के भी निर्देश दिए गए थे, लेकिन चुनाव में देरी के चलते समाज के लोगों में असंतोष है। चुनाव प्रक्रिया शुरू करवाने को लेकर पूर्व प्रधान सूरजभान नरवाल व समाज के लोगों ने एडीसी से मुलाकात की थी। पूर्व प्रधान सूरजभान नरवाल ने बताया कि एडीसी ने उन्हें आश्वासन दिया है कि शीघ्र शासकीय कमेटी व प्रबंधक कमेटी के चुनाव कराए जाएंगे। उन्होंने बताया कि वे पहले भी इस बारे में प्रशासनिक अधिकारियों से मिलकर चुनाव शीघ्र करवाने की अपील कर चुके हैं। उन्होंने उम्मीद जाहिर की कि प्रशासन उनकी व समाज के लोगों की इस मांग को पूरा करेगा व चुनाव शीघ्र कराए जाएंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button