भारत में प्रतिबंधित है मेरा इंस्टा अकाउंट: केजरीवाल
भारत पोस्ट संवाददाता
नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने गुरुवार को दावा किया कि उनका इंस्टाग्राम अकाउंट भारत में प्रतिबंधित कर दिया गया है। दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री ने मेटा से इस कदम पर सवाल किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि स्पष्टीकरण मांगने के बार.बार के प्रयासों के बावजूद कंपनी कोई जवाब नहीं दे पाई। केजरीवाल ने एक्स पर एक वीडियो साझा कर जानकारी दी।
केजरीवाल ने एक्स पर एक पोस्ट में मार्क जुकरबर्ग के नेतृत्व वाली कंपनी से अपने अकाउंट पर लगाए गए प्रतिबंध को लेकर सवाल उठाया। उन्होंने मेटा पर तंज कसते हुए कहा कि वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सामने इतना न झुकें। केजरीवाल ने यह भी सुझाव दिया कि यह कदम केंद्र सरकार के इशारे पर उठाया गया हो सकता है।
अरविंद केजरीवाल ने अपने एक्स पोस्ट में मेटा इंडिया से सीधे पूछा कि उनका अकाउंट क्यों प्रतिबंधित किया गया है। उन्होंने बताया कि मेटा के भारत कार्यालय में मौखिक पूछताछ से पता चला कि उनका अकाउंट भारत में प्रतिबंधित है। उन्होंने कहा कि कार्यालय में कोई भी व्यक्ति प्रतिबंध का कारण नहीं बता रहा है। कोई यह भी नहीं बता रहा कि प्रतिबंध कैसे हटाया जा सकता है।
केजरीवाल ने बताया कि प्रतिबंध के संबंध में भेजे गए सभी ईमेल का कोई जवाब नहीं मिला है। उन्हें केवल सामान्य संदेश ही मिले हैं। उन्होंने इस सेवा को ‘बहुत खराब’ बताया। केजरीवाल ने मेटा को चेतावनी दी कि यदि वह प्रधानमंत्री के सामने इतना झुकेगी, तो वह भारत में केवल अपना ही अकाउंट चलाने की अनुमति देंगे।



