एनडीए की जीत कार्यकर्ताओं के समर्पण का परिणाम : संजय सरावगी

 

_रमेश ठाकुर – भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी रविवार को अपने प्रवास कार्यक्रम के तहत बेगूसराय पहुंचे। जिले में पहुंचते ही कार्यकर्ताओं और आम लोगों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। सड़कों पर समर्थकों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।

प्रदेश अध्यक्ष श्री सरावगी बेगूसराय के सिंघौल में आयोजित अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के पुरातन कार्यकर्ता समागम सह अभिनंदन समारोह में शामिल हुए। इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि “आज मैं जो कुछ भी हूं, उसमें अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की बड़ी भूमिका रही है।”

उन्होंने कहा कि भाजपा यदि आज बिहार में मजबूती से खड़ी है तो उसके पीछे एबीवीपी का सबसे बड़ा योगदान है। एबीवीपी ने जिस विचारधारा को वर्षों पहले खड़ा किया था, वही आज पूरे देश की आवाज बन चुकी है।

*एबीवीपी के सपनों को भाजपा सरकार ने किया साकार*

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि एबीवीपी ने जम्मू-कश्मीर से धारा 370 हटाने का सपना देखा था, जिसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा सरकार ने पूरा किया। अयोध्या में भव्य श्रीराम मंदिर का निर्माण हुआ और अब पुनौरा धाम में माता जानकी के भव्य मंदिर निर्माण का कार्य प्रारंभ हो चुका है।

उन्होंने जंगलराज के दौर को याद करते हुए कहा कि उस समय आंदोलन करने वाले छात्रों पर लाठीचार्ज किया जाता था, लेकिन आज वही ताकतें बिहार से साफ हो चुकी हैं।

*भारत परम वैभव की ओर अग्रसर : संजय सरावगी*

श्री सरावगी ने कहा कि जिन कार्यकर्ताओं ने अपने जीवन का बहुमूल्य समय जिस विचारधारा को मजबूत करने में लगाया था, वह आज वटवृक्ष के रूप में देश के सामने खड़ी है। उन्होंने कहा कि आज भारत आर्थिक और सैन्य शक्ति के रूप में अंग्रेजों से आगे निकल चुका है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश को भारत माता के परम वैभव तक पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं।

*कार्यकर्ता सम्मान सम्मेलन में संगठन की ताकत का उल्लेख*

इसके बाद भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बेगूसराय के प्रेक्षागृह पहुंचे, जहां आयोजित भाजपा कार्यकर्ता सम्मान सम्मेलन में उन्होंने भाग लिया। सम्मेलन को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि संगठन की असली शक्ति समर्पित कार्यकर्ता हैं।

उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव में एनडीए को मिली जीत कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम, अनुशासन, समर्पण और जनता के विश्वास का परिणाम है। हम सभी को इस जनादेश को विकास, सुशासन और सेवा में बदलने का संकल्प लेना चाहिए। भाजपा की राजनीति सदैव सेवा आधारित रही है।

*डबल इंजन सरकार से बिहार को मिलेगा नया आयाम*

प्रदेश अध्यक्ष ने भरोसा दिलाया कि केंद्र और राज्य की डबल इंजन सरकार के सहयोग से बिहार विकास की नई ऊंचाइयों को छुएगा।

*दिनकर की धरती पर किया नमन*

बेगूसराय पहुंचने पर सिमरिया दिनकर चौराहा स्थित राष्ट्रकवि रामधारी सिंह ‘दिनकर’ की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्होंने श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि बेगूसराय के कण-कण में राष्ट्रकवि दिनकर का राष्ट्रप्रेम और उनके आदर्श जीवंत हैं, जो निरंतर प्रेरणा देते हैं।

*प्रमुख नेता रहे उपस्थित*

इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह, विधायक कुंदन कुमार, विधायक रजनीश कुमार सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव वर्मा, प्रदेश महामंत्री लाजवंती झा, प्रदेश प्रवक्ता नीरज कुमार सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे।

प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी अपने प्रवास के दौरान एक कार्यकर्ता के घर विश्राम एवं भोजन करेंगे। सोमवार की सुबह वे बेगूसराय स्थित मां काली मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button