संसद कैसे चले और युवाओं से कैसे जुड़ें पर बैठक पीएम मोदी ने एनडीए के नए सांसदों को दिए मंत्र
भारत पोस्ट संवाददाता
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को नए चुने गए भाजपा के राज्यसभा सांसदों और हाल ही में पार्टी में शामिल हुए नेताओं के साथ अपने आवास पर नाश्ते पर बैठक की। इस दौरान उन्होंने सांसदों को कई मुद्दों पर मार्गदर्शन दिया। प्रधानमंत्री ने उन्हें युवाओं से बेहतर तरीके से जुड़ने के तरीके भी बताए। प्रधानमंत्री आवास पर हुई इस बैठक में 37 सांसद शामिल हुए। इनमें आम आदमी पार्टी ;आप और तृणमूल कांग्रेस ;टीएमसी जैसे दलों को छोड़कर हाल ही में भाजपा में शामिल हुए राज्यसभा सांसद भी मौजूद थे। बैठक के बाद राज्यसभा सांसद विक्रमजीत सिंह साहनी ने कहा, यह अनुभव बहुत शानदार रहा। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री ने अपने कई दशकों के सार्वजनिक जीवन के अनुभव के आधार पर सांसदों को अहम सलाह दी।
साहनी ने कहा, प्रधानमंत्री ने आज सुबह नए चुने गए राज्यसभा सांसदों और हाल ही में भाजपा में शामिल हुए सांसदों को नाश्ते पर बुलाया था। यह बहुत शानदार अनुभव रहा। उन्होंने अपने सार्वजनिक जीवन और अनुभव के आधार पर हमें बताया कि संसद को कितनी गंभीरता से लेना चाहिए। उन्होंने जोर देकर कहा कि संसद सुचारु रूप से चलनी चाहिए। उन्होंने आगे कहा, प्रधानमंत्री ने सांसदों को हर दिन कम से कम एक या दो घंटे संसद की लाइब्रेरी में बिताने की सलाह दी। साथ ही अपने.अपने क्षेत्रों में सांसद खेल योजना को सक्रिय रूप से लागू करने और युवाओं से जुड़ने के लिए भी कहा।
भाजपा के राज्यसभा सांसद अशोक मित्तल ने युवाओं से जुड़ने को लेकर प्रधानमंत्री की खास सलाह साझा की । मित्तल ने कहा, मैंने प्रधानमंत्री से पूछा कि युवाओं से कैसे जुड़ा जाए। प्रधानमंत्री ने कहा, ‘उनकी बात ध्यान से सुनिए, उन्हें समझिए और उनसे विनम्रता से बात कीजिए।’ यह बहुत अच्छी बैठक थी, जहां हमें व्यक्तिगत, सामाजिक और राजनीतिक विषयों पर मार्गदर्शन लेने का मौका मिला।
भाजपा सांसद राहुल सिन्हा ने कहा कि प्रधानमंत्री ने बैठक में मौजूद हर सांसद की बात ध्यान से सुनी। सिन्हा ने कहा, हम सौभाग्यशाली हैं कि हमारे प्रधानमंत्री ने हम सभी की बात सुनी और जरूरी मार्गदर्शन दिया। हाल ही में आप और टीएमसी छोड़कर भाजपा में शामिल हुए और फिलहाल राज्यसभा सांसद बने नेता भी आज प्रधानमंत्री मोदी से मिले।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को संसद के मानसून सत्र के दौरान सांसदों से लगातार हो रही बैठकों के तहत अपने आवास पर भाजपा के 37 सांसदों के साथ नाश्ते पर बैठक की। बैठक के दौरान प्रधानमंत्री ने सांसदों के साथ अपने निजी अनुभव साझा किए और अनौपचारिक बातचीत भी की। इस बैठक में नेशनल सिटिजंस पार्टी ऑफ इंडिया ;एनसीपीआई गठबंधन से जुड़े सांसद, पहले आम आदमी पार्टी में रहे और बाद में भाजपा में शामिल हुए नेता, भाजपा के वरिष्ठ नेता तरुण चुघ, विनोद तावड़े और पार्टी अध्यक्ष नितिन नवीन भी मौजूद थे।


