अनेक मांगों के लिए 31 को बड़ोदरा में होगी हिन्द मजदूर किसान पंचायत की दो दिवसीय बैठक : राकेश मणि पांडेय

 

सुनील बाजपेई
कानपुर। बहु प्रतिक्षित हिन्द मजदूर किसान पंचायत के राष्ट्रीय कार्यकारिणी की दो दिवसीय बैठक गुजरात बडोदरा में दि० 31 अगस्त व 01 सितम्बर 2026 को कराये जाने का निर्णय लिया गया है ,जिसमें पूरे भारत वर्ष के केन्द्रीय पदाधिकारी एवं सभी राज्यों के संगठन के अध्यक्ष, मंत्री सम्मिलित होंगे। उ०प्र० लखनऊ से कानपुर के रास्ते 13 पदाधिकारियों का प्रतिनिधि मण्डल 29 अगस्त को बडोदरा के लिए रवाना होगा।
यह जानकारी देते हुए राष्ट्रीय सचिव व प्रदेश महामंत्री राकेशमणि पाण्डेय ने बताया दो दिन की कार्य समिति में भारत सरकार व प्रदेश सरकारों द्वारा लागू नये 04 लेबर कोड और रिक्त पीठासीन अधिकारियों की नियुक्ति, श्रम विवादों का समय से निपटारा न होने, न्यूनतम राष्ट्रीय वेतन आयोग, न्यूनतम पेंशन रू0 7,500/-किये जाने और प्रत्येक श्रमिक को जिसकी उम्र 60 वर्ष से ऊपर हो अनिवार्यतः आयुषमान कार्ड के लिए 06 सदस्यों की शर्त को समाप्त किये जाने, शिक्षा व स्वास्थ्य का राष्ट्रीयकरण किये जाने, शत प्रतिशत महंगाई सूचांक को लागू किये जाने, प्रतिवर्ष न्यूनतम वार्षिक वेतन वृद्धि, प्रत्येक 05 वर्ष के भीतर अनिवार्यतः वेतन आयोग का गठन करने जैसी सभी जनहित में अति आवश्यक मांगों को पूरा कराने के लिए सरकार पर दबाव बनाने का विचार किया जायेगा। वरिष्ठ श्रमिक नेता राकेश मणि पांडेय ने बताया कि गहन चर्चा किए जाने के साथ ही श्रमिक संगठनों की मान्यता व प्रतिनिधित्व के लिए हिन्द मजदूर किसान पंचायत अपना दावा भी सरकार को पेश करेगी। उन्होंने बताया कि हिन्द मजदूर किसान पंचायत बिना समुचित हितलाभ दिये आये दिन बन्द होने वाली कम्पनियों और उनके निदेशकों द्वारा चल अचल सम्पत्ति को बेच कर भाग जाने और अन्य व्यवसाय में सामायोजित करने के खिलाफ एक मूल संघर्ष की तैयारी भी की जायेगी।
अनेक श्रमिक आंदोलन के सफल नेतृत्वकर्ता भी साबित हो चुके हिन्द मजदूर किसान पंचायत के राष्ट्रीय सचिव राकेश मणि पांडेय ने एक सवाल के जवाब में यह भी बताया कि सरकारी संस्थाओं और इनके ठेकेदारों द्वारा भविष्यनिधि राज्य कर्मचारी बीमानिगम का अंशदान हड़पने, जमा न करने और एटीएम कार्ड आहरित करते हुए कर्मचारियों का वेतन भुगतान के बाद वापस लेने जैसी घटनाओं को रोकने के लिए कार्य नीति बनाने के लिए सरकार को विवश किया जायेगा। श्रमिक नेता राकेश मणि पांडेय के मुताबिक इस महत्वपूर्ण बैठक में ओवर टाइम, काम के घण्टे और अवकाश को पूर्व कानूनो के तहत लागू किये जाने और शोषण से बचाने के लिए कानूनों के क्रियान्वयन ,कर्मचारियों को सेवा से निकाले जाने और इन हालातो के फलस्वरूप बेरोजगारीऔर ज्यादा न बढ़ बढ़ पाये इस पर भी गहनता से विचार किया जायेगा।
उन्होंने बताया कि इस बैठक में हिन्द मजदूर किसान पंचायत सामान कार्य वेतन सिद्धान्त नेशनल वेज पालिसी को मूल रूप से लागू किये जाने पर भी विचार विमर्श करेगी ,जिसके तहत एक रिपोर्ट भी तैयार की जाएगी। उन्होंने बताया कि हिंद मजदूर किसान पंचायत यह भी प्रयास करेगा कि अनावश्यक रूप से हड़ताल व आन्दोलन न करते हुए संगठनात्मक रूप से सार्थक प्रयास करते हुए समस्याओं को हल कराने का प्रयास किया जायेगा। साथ ही एक देश एक चुनाव पर भी चर्चा की जायेगी। महासचिव राकेश मणि पांडेय ने बताया कि राष्ट्रीय कार्य समिति की इस महत्वपूर्ण बैठक में राज्यों से आयी रिपोर्टों पर चर्चा कर कार्यवृत्ति बनाकर शासन को भेजी जायेगी। उक्त कार्य समिति में भाग लेने के लिए प्रदेश अध्यक्ष हसनैन अंसारी भदौही बनारस से राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ओमकार सिंह दिल्ली से और राकेशमणि पाण्डेय लखनऊ से एवं लक्ष्मण प्रसाद जायसवाल रेलवे प्रतिनिधि के रूप में शामिल होंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button