रेस्क्यू टीम ने काटा डीसीएम का केबिन फिर भी नहीं बच सकी ड्राइवर.कंडक्टर की जान
भारत पोस्ट संवाददाता
लखनऊ। लखनऊ के सरोजनीनगर थाना क्षेत्र में किसान पथ पर बुधवार रात हुए भीषण सड़क हादसे में डीसीएम चालक और कंडक्टर की मौत हो गई। पिपरसण्ड गांव के पास सड़क किनारे खड़े खराब कंटेनर में पीछे से आ रही डीसीएम जा टकराई। टक्कर इतनी तेज थी कि डीसीएम का केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और दोनों उसमें फंस गए।
हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस, दमकल विभाग और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। रेस्क्यू टीम ने काफी मशक्कत के बाद अत्याधुनिक उपकरणों की मदद से डीसीएम के क्षतिग्रस्त केबिन को काटा और अंदर फंसे ड्राइवर व कंडक्टर को बाहर निकाला। दोनों को गंभीर हालत में लोकबंधु अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान जालौन जिले के कुठौंद थाना क्षेत्र के बरियारपुर गांव निवासी शैलेंद्र ;39, पुत्र वकील और राजा भैया ;35, पुत्र स्वर्गीय लाल जी के रूप में हुई है। दोनों डीसीएम में ड्राइवर और कंडक्टर के तौर पर काम करते थे।
पुलिस के मुताबिक, यह हादसा बुधवार रात करीब 11 बजे किसान पथ पर पिपरसण्ड गांव के पास हुआ. हरदोई रोड की तरफ से बिजनौर की ओर जा रही डीसीएम आगे चल रहे कंटेनर से टकरा गई। बताया जा रहा है कि एक कंटेनर पहले से खराब होकर सड़क किनारे खड़ा था, जिसके पीछे चल रहे दूसरे कंटेनर ने ब्रेक लगाया। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार डीसीएम उसमें जा घुसी। टक्कर के बाद डीसीएम का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे की जानकारी राहगीरों ने पुलिस और दमकल विभाग को दी। इसके बाद आलमबाग और हजरतगंज से अतिरिक्त रेस्क्यू यूनिट और मोबाइल डिजास्टर रेस्क्यू व्हीकल ;एमडीआरवी को भी मौके पर बुलाया गया।
हादसे के बाद कुछ समय तक किसान पथ पर यातायात प्रभावित रहा. पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात व्यवस्था को सामान्य कराया। दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस अब हादसे के कारणों की जांच कर रही है।



