सिलीगुड़ी: विधायकों के संवैधानिक अधिकारों की रक्षा हेतु शंकर घोष का 24 घंटे का धरना

अजित प्रसाद,सिलीगुड़ी : पश्चिम बंगाल में विपक्षी दल के विधायकों के संवैधानिक अधिकारों की सुरक्षा और विधायक विकास कोष (MLA Local Area Development Fund) के सरलीकरण की मांग को लेकर सिलीगुड़ी के विधायक शंकर घोष आंदोलन की राह पर हैं।
गुरुवार को सिलीगुड़ी के सुभाषपल्ली इलाके में विधायक शंकर घोष 24 घंटे के प्रतीकात्मक धरने पर बैठ गए। उनके इस आंदोलन का मुख्य उद्देश्य राज्य सरकार के समक्ष विपक्षी विधायकों के साथ हो रहे कथित भेदभाव और विकास कार्यों में आने वाली बाधाओं को उजागर करना है। शंकर घोष का आरोप है कि राज्य में विपक्षी विधायकों को उनके संवैधानिक अधिकारों से वंचित किया जा रहा है और प्रशासनिक कार्यों में उनकी उपेक्षा हो रही है। विधायक विकास कोष के आवंटन और उसके उपयोग की प्रक्रिया को सरल बनाने की मांग की गई है, ताकि जनहित के कार्यों को बिना किसी राजनीतिक बाधा के पूरा किया जा सके। धरने के दौरान विधायक ने कहा कि विकास कार्यों में राजनीतिकरण होने के कारण आम जनता को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।




